पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के चरथावल कस्बे में मुजफ्फरनगर मार्ग पर संजीवनी पेट्रोल पंप के पास बीती देर रात करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मेरठ बारात से लौट रहे युवकों की एक्सयूव कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।

कार में सवार थे 8 बाराती
हादसे में कार में सवार 8 युवकों में से 2 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बेहड़ा अस्सा निवासी 30 वर्षीय विकास पुत्र मेघराज और चरथावल के कानूनगोयान मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। विकास एक बिजली मीटर रीडर था और उसके दो छोटी बेटियां हैं। मौत की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
चरथावल के रहने वाली सभी घायल
घायलों में कानूनगोयान मोहल्ला के मोनू पुत्र नरेंद्र, अमित पुत्र सुरेंद्र, प्रिंस पुत्र ब्रह्मपाल, विपुल पुत्र जोगिंदर, रोहित पुत्र मुनेश और सोनू पुत्र राजपाल शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर तत्काल पहुंची चरथावल पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर जिला चिकित्सालय भर्ती कराया। जहां विकास और रोहित को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों का उपचार जारी है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, नींद या सड़क की स्थिति को संभावित कारण बताया जा रहा है।
मृतक विकास के परिवार में गम का माहौल है। दो छोटी बेटियां पिता की मौत से सदमे में हैं। रोहित के परिजन भी सदमे में हैं। दोनों परिवारों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।




