कमरे में बंद मिला पूरा परिवार मृत; रातभर चला विवाद, सुबह दरवाजा तोड़कर सामने आया खौफनाक मंजर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट की गली नंबर-6 में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
घर के अंदर बंद कमरे में 32 वर्षीय इरशाद, उसकी 30 वर्षीय पत्नी नूरीन, 2 साल का बेटा आहिल और महज एक महीने की मासूम बच्ची अक्शा मृत अवस्था में मिले।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पेशे से पेंट का काम करने वाले पेंटर इरशाद का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। दरवाजा अंदर से बंद होने के चलते मामला और भी गंभीर और संदिग्ध माना जा रहा है।

कैसे खुला मामला? सुबह की खामोशी बनी शक की वजह
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, सोमवार देर रात तक घर के अंदर से विवाद और कहासुनी की आवाजें आती रहीं। पड़ोसियों का कहना है कि देर रात करीब 4 बजे तक पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहा, लेकिन उसके बाद अचानक घर में सन्नाटा छा गया।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। परिजनों ने करीब 11 बजे दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
घरेलू विवाद बना वजह? परिजनों ने बताए हालात
परिवार के मोहम्मद इनाम एवं अन्य सदस्यों के मुताबिक, हाल ही में इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के तौर पर 1700 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नूरीन नाराज हो गई थी और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि यह विवाद इतना बढ़ गया कि नूरीन ने अपने मायके पक्ष को इसकी जानकारी दी। सोमवार को उसकी दो बहनें भी घर पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई।
परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के बाद घर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा।

जहर और फांसी की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, सीओ मंडी राजू कुमार साव, डॉग स्क्वायड, एलआईयू और फॉरेंसिक टीम भी आसपास के थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले पत्नी और बच्चों को जहर दिया और उसके बाद खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इलाके में दहशत और कई सवाल
इस घटना के बाद पूरे सरवट इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। एक साथ चार लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या यह सिर्फ घरेलू विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई और कारण भी है?
पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
क्या कहते हैं SSP?
SSP संजय कुमार वर्मा का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



