Home » उत्तराखंड » उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में बहुत तेज बारिश की चेतावनी, नदियों के जलस्तर पर निगरानी

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में बहुत तेज बारिश की चेतावनी, नदियों के जलस्तर पर निगरानी

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार शनिवार को देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज गर्जना के साथ बारिश के दौर की चेतावनी भी जारी की गई है।

 

मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया गया है।

शनिवार को राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में दिनभर आंशिक से घने बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी, नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की ओर से जारी दैनिक जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। भागीरथी, अलकनंदा, पिंडर, मंदाकिनी, गंगा, नयार और काली नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ALSO READ THIS :  प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट,मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

रिपोर्ट के अनुसार श्रीनगर, जोशीमठ, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर नदी के जलस्तर में सामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अभी स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। हालांकि श्रीनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रामनगर बैराज के लिए बाढ़ पूर्वानुमान जारी किया गया है।

एसईओसी ने केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के आधार पर संबंधित जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। बनबसा में सबसे अधिक 88 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि जौलीग्रांट में 80.6 मिलीमीटर, खटीमा में 66 मिलीमीटर और मोहकमपुर में 42.3 मिलीमीटर बारिश हुई।

स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार हाथीबड़कला में 72.5 मिलीमीटर, जौलीग्रांट में 70 मिलीमीटर, मालदेवता में 61 मिलीमीटर और देहरादून में 34 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें