Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » दिल्ली कूच से पहले मुज़फ्फरनगर में रोके गए किसान नेता शाह आलम, हंगामे के बाद प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

दिल्ली कूच से पहले मुज़फ्फरनगर में रोके गए किसान नेता शाह आलम, हंगामे के बाद प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फरनगर। इंडो-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम को मंगलवार को मुज़फ्फरनगर पुलिस ने नुमाइश कैंप गेट पर रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंच गए तथा धरने पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए थाना सिविल लाइन और खालापार पुलिस मौके पर तैनात रही। हालांकि बाद में प्रशासन और किसान नेताओं के बीच बातचीत के बाद ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त कर दिया गया।

दिल्ली किसान घाट पर प्रदर्शन के लिए जा रहे थे शाह आलम

जानकारी के अनुसार हाल ही में गठित देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर इंडो-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम अपने समर्थकों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। लेकिन नुमाइश कैंप गेट पर पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने की सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने धरने पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे।

वार्ता के बाद प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

स्थिति को सामान्य बनाने के लिए थाना सिविल लाइन प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने चौधरी शाह आलम और संगठन के अन्य पदाधिकारियों से बातचीत की। वार्ता के दौरान पुलिस ने उनका ज्ञापन प्राप्त कर उसे सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। बातचीत के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में मेरठ लाठीचार्ज कांड पर भड़के राकेश टिकैत: बोले- गाड़ी में बिठाकर थप्पड़ मारना तानाशाही, नए अफसरों को आंदोलन संभालने का तजुर्बा ही नहीं

कांवड़ यात्रा का सम्मान करते हुए स्थगित किया दिल्ली कूच

बाद में चौधरी शाह आलम ने कहा कि वर्तमान में कांवड़ यात्रा चल रही है और लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और यात्रा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसे ध्यान में रखते हुए फिलहाल दिल्ली कूच का कार्यक्रम स्थगित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन केंद्रीय नेतृत्व की अगली रणनीति और आह्वान का इंतजार करेगा। जैसे ही अगला कार्यक्रम घोषित होगा, किसान दोबारा दिल्ली कूच कर इंडो-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

धरने के समापन के बाद संगठन की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंप दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें