Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ ड्यूटी पर रवाना हुआ पुलिस का सुरक्षा कवच: DM-SSP ने फोर्स को किया ब्रीफ; 9 सुपर ज़ोन में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ ड्यूटी पर रवाना हुआ पुलिस का सुरक्षा कवच: DM-SSP ने फोर्स को किया ब्रीफ; 9 सुपर ज़ोन में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद एवं अन्य जिलों से आए पुलिस बल की ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद सभी पुलिसकर्मियों को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि मुज़फ़्फ़रनगर कांवड़ यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिवभक्तों के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए, जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस बल को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम नहीं लगने देने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा वायरलेस और अन्य संचार माध्यमों से हर समय संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस बार कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। पूरे जनपद को 9 सुपर ज़ोन, 16 ज़ोन, 89 सेक्टर और 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ATS, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), एस-चेक टीम, फ्लड PAC और PAC की तैनाती की गई है।

इसके अलावा सुरक्षा और निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए 14 कंट्रोल रूम और 3 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और त्वरित पुलिसिंग के लिए शिव चौक, रामपुर तिराहा और शुक्रताल में 3 अस्थायी थाने तथा पूरे कांवड़ मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं।

ALSO READ THIS :  दिल्ली हमले पर हिंदू युवा वाहिनी का कैंडल मार्च, 'आतंकवाद मुर्दाबाद' के नारे; संदिग्ध मदरसों-मस्जिदों की जांच की मांग

कार्यक्रम के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें