Home » उत्तराखंड » हरिद्वार में नशे के कारोबार पर एसटीएफ का शिकंजा, मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार; 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद

हरिद्वार में नशे के कारोबार पर एसटीएफ का शिकंजा, मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार; 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के फ्लैट और कार से कोडीन युक्त सिरप की 200 बोतलें बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा अपने आर्य नगर स्थित फ्लैट में अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।

फ्लैट और कार से बरामद हुईं 200 बोतलें

गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के आर्य नगर स्थित फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई।

जब पुलिस टीम ने सिरप की खरीद, बिक्री और भंडारण से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

नशे के आदी लोगों को बेचता था सिरप

पूछताछ में आरोपी आकाश छाबड़ा ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह नशे के आदी लोगों को कोडीन युक्त सिरप फुटकर में बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा निवासी आर्य नगर, ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही उसकी कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

आरोपी के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली सिरप आरोपी तक कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ALSO READ THIS :  GST अधिकारी की खुली रिश्वतखोरी की पोल, ₹50 लाख ना देने पर Raid मारने की धमकी पर हंगामा

जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सके।

एसएसपी एसटीएफ ने की अपील

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने आम लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या एसटीएफ के साथ साझा करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें