Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » ऑक्सीजन के दो सिलेंडर साथ लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले 60 वर्षीय परशुराम: बोले- सांसें बीमारी के भरोसे, आस्था भोलेनाथ के भरोसे

ऑक्सीजन के दो सिलेंडर साथ लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले 60 वर्षीय परशुराम: बोले- सांसें बीमारी के भरोसे, आस्था भोलेनाथ के भरोसे

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और हौसले की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। 60 वर्षीय परशुराम शर्मा फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद हरिद्वार से गंगाजल लेकर स्कूटी से मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचे हैं। खास बात यह है कि वह अपने साथ ऑक्सीजन के दो सिलेंडर भी लेकर चल रहे हैं।

परशुराम शर्मा मूल रूप से मुज़फ़्फ़रनगर के नरा गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल हरिद्वार में रहते हैं। उनके मुताबिक, पिछले करीब दो वर्षों से उन्हें लगातार ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद उन्होंने इस बार भगवान भोलेनाथ की भक्ति में कांवड़ चढ़ाने का संकल्प लिया और हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की।

उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य बागपत स्थित पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने का था, लेकिन मंदिर तक पहुंचने के लिए चढ़ाई होने के कारण ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ वहां तक जाना उनके लिए मुश्किल है। इसलिए अब वह मुज़फ़्फ़रनगर के शिव चौक पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचने के बाद वह आनंद भवन स्थित क्रांति सेना के शिविर में पहुंचे, जहां महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम चौधरी ने उनका हाल जाना, भोजन कराया और उनके ठहरने की व्यवस्था की।

परशुराम का कहना है कि वह पहले भी कई बार कांवड़ यात्रा कर चुके हैं, लेकिन इस बार की यात्रा अलग है। इस बार उनके साथ गंगाजल के साथ जीवन के लिए जरूरी ऑक्सीजन सिलेंडर भी हैं।

उनका कहना है कि बीमारी के बावजूद उन्होंने सकारात्मक सोच और आस्था के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया। उनकी यह यात्रा कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट

 

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें