Home » गुनाह » शामली में अंकित बालियान मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 50-50 हजार के दो इनामी शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, बाकी भी पकड़े जाएं

शामली में अंकित बालियान मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 50-50 हजार के दो इनामी शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, बाकी भी पकड़े जाएं

Facebook
Twitter
WhatsApp

शामली। हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स यानी यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 50-50 हजार रुपये के इनामी बताए जा रहे दो प्रमुख शूटरों को मार गिराया। दोनों बदमाशों की पहचान मोहित पुत्र महेश निवासी वाहियापुर, थाना सिटी सोनीपत और सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी ऋषिकुंज, सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों का संबंध कुख्यात गोगी गैंग से बताया जा रहा है।

मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान पुलिस टीम के दो जवान प्रदीप और हरविंदर भी घायल हुए हैं। पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

होटल राजमहल के पास घिरते ही बदमाशों ने पुलिस पर बरसाईं गोलियां

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की तरफ फरार हुए थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल दो प्रमुख शूटर शामली की ओर वापस आ रहे हैं। सूचना मिलते ही जिले के सभी संबंधित थानों को अलर्ट किया गया और पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस टीम को चकमा देने की कोशिश की और मन्ना माजरा की ओर भागने लगे। औद्योगिक थाना क्षेत्र में होटल राजमहल के पास खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन में भी लगी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में दोनों बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

80 से ज्यादा कैमरों की फुटेज से तैयार हुआ था पूरा रूट मैप

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस और एसटीएफ ने 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। इन फुटेज के आधार पर शूटरों के आने-जाने का रूट मैप तैयार किया गया।

ALSO READ THIS :  गाजियाबाद में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दो गिरफ्तार; दो साथी अंधेरे में फरार

जांच में सामने आया कि आरोपी करनाल से चलकर करीब 73 मिनट में शामली पहुंचे थे। शामली पहुंचने के बाद उन्होंने हरियाणा बॉर्डर चौकी के पास कपड़े बदले और इसके बाद आर्यपुरी नाला पटरी पर स्थित जिम के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक रेकी की थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वारदात से पहले शूटरों की गतिविधियों और उनके ठहरने की जानकारी भी जुटाई गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या से करीब पांच दिन पहले कुछ संदिग्ध शूटर शामली के एक ऐसे होटल में ठहरे थे, जिसका नाम अंग्रेजी के अक्षर एस से शुरू होता है।

25 अगस्त को भी निशाने पर था अंकित

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि 25 अगस्त को भी अंकित बालियान को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन किसी वजह से उस दिन साजिश सफल नहीं हो सकी। इसके अगले दिन यानी 26 अगस्त को अंकित की हत्या कर दी गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 25 अगस्त की असफल कोशिश के पीछे क्या वजह थी और अगले दिन हमलावरों ने किस तरह पूरी योजना को अंजाम दिया।

पांच शूटरों के शामिल होने का सामने आया एंगल

पुलिस जांच में इस हत्याकांड में कुल पांच शूटरों के शामिल होने का एंगल सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद फोन पर मिशन पूरा होने की सूचना दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

मुठभेड़ में मोहित और सुमित के मारे जाने के बाद पुलिस अब फरार बताए जा रहे अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। जांच के घेरे में आर्यन और सत्यम नाम के दो अन्य संदिग्ध शूटरों का नाम भी सामने आया है।

पुलिस इन आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच कर रही है। इसके अलावा इस हत्याकांड में उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जुड़े कुछ स्थानीय लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

ALSO READ THIS :  गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन, करीब 200 लोगों की सुनी फरियाद, बोले- हर समस्या का पारदर्शी समाधान सरकार की प्राथमिकता

गर्लफ्रेंड और संदिग्ध संपर्कों की भी जांच

जांच के दौरान पुलिस के सामने कुछ संदिग्ध संपर्कों का एंगल भी आया है। सूत्रों के मुताबिक, आर्यन की कथित गर्लफ्रेंड का नाम अंग्रेजी के अक्षर के से और सत्यम की कथित गर्लफ्रेंड का नाम अंग्रेजी के अक्षर आई से शुरू होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस इन संपर्कों की सत्यता और हत्याकांड से संभावित संबंध की जांच कर रही है। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े बताए जा रहे संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

सत्यम और आर्यन की तलाश में कई राज्यों में दबिश

मोहित और सुमित के मारे जाने के बाद पुलिस और एसटीएफ की नजर अब कथित तौर पर फरार दो अन्य शूटरों पर है। सत्यम और आर्यन की तलाश में हरियाणा, गुजरात, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर दबिश दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया की ओर से कथित तौर पर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने के दावे को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

26 अगस्त को जिम के बाहर गोलियों से छलनी हुआ था अंकित

अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। 26 अगस्त 2026 की शाम शामली कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलने के बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

बताया गया था कि अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो कार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

ALSO READ THIS :  रुड़की में अमन हत्याकांड: मुठभेड़ के बाद पुलिस की गिरफ्त में आया एक आरोपी, 2 चकमा देकर फरार

सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमलावरों ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया। करीब 25 सेकंड के भीतर लगभग 18 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, हमले में .30 और .32 कैलिबर की पिस्टलों का इस्तेमाल किया गया था।

गोलीबारी में अंकित के सिर और सीने समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।

पिता सत्यवीर फौजी बोले- आधा इंसाफ मिला, बाकी भी पकड़े जाएं

एनकाउंटर की जानकारी मिलने के बाद अंकित बालियान के पिता सत्यवीर फौजी मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल जाकर मारे गए बदमाशों की पहचान भी की।

पिता ने कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द पूरा इंसाफ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि पांच छह दिन बीत चुके थे और अगर आज कार्रवाई नहीं होती तो उनका पुलिस पर विश्वास टूट जाता।

उन्होंने कहा कि दो आरोपियों के मारे जाने से उन्हें कुछ राहत मिली है, लेकिन बाकी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही उन्हें पूरी तसल्ली मिलेगी।

पुलिस के सामने अब बाकी आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती

अंकित बालियान हत्याकांड में दो कथित प्रमुख शूटरों के एनकाउंटर के बाद पुलिस के सामने अब बाकी आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हैं।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अंकित की हत्या की साजिश किसने रची, शूटरों को किसने मदद पहुंचाई और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े अन्य चेहरों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें