मुज़फ़्फ़रनगर। एक युवती ने खतौली मंडी समिति में तैनात मंडी सहायक सागर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने होटल में उसे नशीली चीज मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सागर को बुधवार दोपहर करीब 2 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़िता के अनुसार, सितंबर 2023 में वह अपनी मां के साथ रामराज जा रही थी। रास्ते में मीरापुर में बस खराब होने के बाद उसने अपने परिचित अंकुर को फोन किया। आरोप है कि अंकुर अपने साथी सागर के साथ कार से वहां पहुंचा और दोनों को रामराज स्थित उसकी मौसी के घर छोड़कर चले गए। इसके बाद सागर ने अंकुर के माध्यम से पीड़िता का मोबाइल नंबर लिया और उससे बातचीत शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद सागर ने उसे खतौली बाईपास स्थित एक होटल में बुलाया। वहां खाने के साथ कोल्ड ड्रिंक मंगाई गई। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत जैसी हो गई। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर सागर ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और हिडेन कैमरे से उसकी रेप की वीडियो भी बना ली।
पीड़िता का दावा है कि घटना का विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने उसे उसकी वीडियो दिखाकर धमकाया और ब्लैकमेल किया। शिकायत के मुताबिक उसे वीडियो वायरल करने, माता-पिता और रिश्तेदारों को वीडियो भेजकर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने अन्य महिलाओं की वीडियो दिखाकर उसे डराया और चुप रहने का दबाव बनाया।
इतना ही नहीं, पीड़िता की माने तो आरोपी ने बाद में पीड़िता से शादी करने और वीडियो डिलीट करने का भरोसा दिया।
इसी भरोसे और कथित ब्लैकमेल के बीच आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। दर्ज FIR में खतौली मंडी समिति कार्यालय, मीरापुर मंडी समिति कार्यालय, मीरापुर स्थित एक खाली मकान और मीरपुर में आरोपी के गार्ड के घर का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान सागर ने किसी अन्य महिला से शादी कर ली। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी से जुड़े निजी वीडियो पीड़िता को भेजे और शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने वीडियो डिलीट करने से भी इनकार किया और पीड़िता पर दबाव बनाए रखा।
FIR के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को पीड़िता को वीडियो डिलीट करने का भरोसा देकर खतौली नहर पर बुलाया गया। जहां सागर ने अपनी कार में उसे बैठाया और वीडियो डिलीट करने के नाम पर उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। शिकायत में उसके गार्ड मोमीन और चालक गुलजार की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वीडियो वायरल होने और सामाजिक बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही। बाद में परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सागर पुत्र राकेश कुमार, निवासी आवास विकास कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों और नामजद लोगों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।



