Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में चंदा नहीं देने पर परिवार का हुक्का-पानी बंद! दंपति ने पंचों पर लगाया सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप, बोले- बात करने पर ₹500 जुर्माने का तुगलकी फरमान

मुजफ्फरनगर में चंदा नहीं देने पर परिवार का हुक्का-पानी बंद! दंपति ने पंचों पर लगाया सामाजिक बहिष्कार किए जाने का आरोप, बोले- बात करने पर ₹500 जुर्माने का तुगलकी फरमान

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। छपार थाना क्षेत्र के ग्राम खुड्डा में मंदिर के लिए चंदा नहीं देने को लेकर एक दंपति ने सामाजिक बहिष्कार और उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। बुधवार को करीब 3 बजे पीड़ित दंपति जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा और DM के नाम प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित मीनाक्षी पत्नी पवन कुमार और पवन कुमार पुत्र अमरू, निवासी ग्राम खुड्डा ने गांव के ही कुछ लोगों पर उनके खिलाफ करीब 30 लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है। दंपति का आरोप है कि मंदिर में चंदा नहीं देने के कारण उनका हुक्का-पानी और बोलचाल बंद करा दी गई है।

दंपति के मुताबिक, चंदा नहीं देने को लेकर उनके घर पर हंगामा किया गया और कथित तौर पर उन्हें गांव में नहीं रहने देने की धमकी दी गई। DM के नाम दिए गए प्रार्थना पत्र में 5 ग्रामीणों के नाम भी दर्ज किए गए हैं।

दंपति का आरोप है कि गांव में उनके साथ बोलचाल बंद कराने के साथ ही उन्हें सार्वजनिक नल से पानी भरने से भी रोका जा रहा है। इतना ही नहीं, कथित तौर पर यह भी कहा गया है कि यदि गांव का कोई व्यक्ति उनसे बातचीत या संबंध रखेगा तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। दंपति ने इसे लेकर खुद को परेशान और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात कही है।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि यदि वे दूसरे समाज के लोगों से बातचीत करते हैं तो संबंधित लोगों के घर जाकर हंगामा और गाली-गलौज की जाती है। दंपति ने प्रशासन से गांव में सामान्य बोलचाल और पानी भरने के अधिकार में किसी तरह की रोकटोक नहीं होने देने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

ALSO READ THIS :  मुज़फ्फरनगर में शराब के ठेके पर ग्राहक की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को किया गिरफ्तार

मंदिर में आने वाले चंदे को लेकर भी दंपति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंदिर में आने वाले पैसों का कथित रूप से कुछ लोग दुरुपयोग कर रहे हैं और मंदिर परिसर में शराब व मांस का सेवन किए जाने से मंदिर की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। इन आरोपों की भी प्रशासन से जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल दंपति ने DM को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और उन्हें कथित सामाजिक बहिष्कार तथा उत्पीड़न से राहत दिलाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासन की ओर से कार्रवाई की स्थिति सामने आना अभी बाकी है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें