बुलंदशहर। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शफीक पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी भूरा को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुर्जा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात धरपा मोड़ के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शफीक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी भूरा को भी हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक शफीक 6 अक्टूबर को हुई एक घटना में वांछित था।
सीओ शोभित कुमार अत्री ने बताया कि खुर्जा देहात थाना पुलिस की बुधवार रात एक आरोपी से मुठभेड़ हुई थी। आरोपी की पहचान शफीक के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शफीक ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन घटनास्थल के आसपास कहीं गिर गया था। उसी मोबाइल को तलाशने के लिए वह दोबारा घटनास्थल के आसपास पहुंचा था।
पुलिस टीम भी घटना से जुड़े क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का शफीक से आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शफीक के सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

