Home » उत्तर प्रदेश » बहन की बीमारी लेकर जनता दर्शन में पहुंचा भाई, CM योगी ने सुनी फरियाद तो तुरंत भेजा अस्पताल; छलक पड़े आंसू

बहन की बीमारी लेकर जनता दर्शन में पहुंचा भाई, CM योगी ने सुनी फरियाद तो तुरंत भेजा अस्पताल; छलक पड़े आंसू

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को उनकी संवेदनशीलता का एक ऐसा रूप देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों के बीच मुख्यमंत्री ने एक गंभीर रूप से बीमार महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद के निर्देश दिए। अयोध्या से आए भाई-बहन की फरियाद सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने महिला को तत्काल लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजने की व्यवस्था कराई, जहां उनका उपचार शुरू हो गया है।

बहन की बीमारी लेकर जनता दर्शन में पहुंचा भाई

अयोध्या से आए श्याम सोनकर अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन बबिता को लेकर जनता दर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन पिछले कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया था।

श्याम ने मुख्यमंत्री को बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बहन के उपचार में मदद की गुहार लगाई।

सीएम के निर्देश पर तत्काल भेजी गई एंबुलेंस

परिवार की परेशानी सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास से ही बबिता को एंबुलेंस के जरिए गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजने की व्यवस्था की गई।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बबिता का इलाज शुरू कर दिया गया। बहन के अस्पताल में भर्ती होने और उपचार शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद श्याम ने राहत की सांस ली।

ALSO READ THIS :  योगी सरकार का अनुपूरक बजट पेश! वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले-'मिलेगी विकास को रफ्तार', सपा का आरोप- 'चढ़ जाएगा भ्रष्टाचार की भेंट!'

इलाज शुरू होते ही छलक पड़े भाई के आंसू

बहन के अस्पताल में भर्ती होने के बाद श्याम सोनकर ने चिकित्सकों को उसकी बीमारी और अब तक हुए उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इलाज की प्रक्रिया शुरू होते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

भावुक श्याम ने मुख्यमंत्री आवास पर फोन कर बहन के उपचार की जानकारी दी और मुख्यमंत्री की तत्काल मदद के लिए धन्यवाद भी जताया।

आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा किसी का इलाज

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा सके।

मासूम बच्ची से भी मिले सीएम योगी

जनता दर्शन के दौरान एक मासूम बच्ची भी अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री के पास पहुंची। मुख्यमंत्री ने पहले उसकी मां की समस्या ध्यान से सुनी। इसके बाद उन्होंने बच्ची से बातचीत की और उसे दुलार-पुचकार कर स्नेह दिया।

मुख्यमंत्री का यह व्यवहार देखकर जनता दर्शन में मौजूद कई लोग भावुक हो गए। किसी की आंखों से आंसू निकल पड़े तो किसी ने अपनी जगह से ही हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

फरियादियों को मिला मदद का भरोसा

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। खासकर गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंदों के मामलों में उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में एक लाख का इनामी बदमाश नईम मुठभेड़ में ढेर, नफीस कालिया गैंग के सदस्य पर थे 35 मुकदमें

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति के उपचार में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। उनके इस संवेदनशील रुख से जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को न सिर्फ अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद मिली, बल्कि उन्हें यह भरोसा भी मिला कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें