Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बम बनवाने वालों को होती थी शिवभक्तों की ‘बम-बम’ से तकलीफ

गाजियाबाद में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बम बनवाने वालों को होती थी शिवभक्तों की ‘बम-बम’ से तकलीफ 

Facebook
Twitter
WhatsApp

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद दौरे के दौरान विपक्षी दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने पहले कांवड़ यात्रा, धार्मिक आयोजनों और आस्था से जुड़े कार्यक्रमों पर रोक लगाने का प्रयास किया, उनके मुंह से आज आस्था की बातें हास्यास्पद लगती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को हर-हर महादेव और बम-बम बोलने वाले शिवभक्तों से आपत्ति होती थी, लेकिन अपराधियों और अराजक तत्वों पर कभी सवाल नहीं उठाए गए।

 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान केसरिया कुर्ता दिखाते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों को इस रंग से भी परेशानी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी की शोभायात्राओं और दुर्गा पूजा पंडालों पर भी प्रतिबंध लगाए जाते थे, जबकि वर्तमान सरकार आस्था का सम्मान करते हुए सभी धार्मिक आयोजनों को सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की जानकारी ली और कई बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

868 करोड़ की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, कांवड़ यात्रा, विकास और सुशासन पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 की कांवड़ यात्रा की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पुराने शासनादेशों में कांवड़ यात्रा को कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बताया जाता था और उसे सीमित करने की बात होती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट निर्णय लिया कि शिवभक्तों को सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सच्चा शिवभक्त अनुशासन और मर्यादा का पालन करता है, इसलिए सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी निभाई।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में दबंगों की करतूत; दिव्यांग युवक पर जानबूझकर किया हमला, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा!

उन्होंने कहा कि आज हरिद्वार से गाजियाबाद तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में शामिल हो चुकी है। देश-विदेश से लोग इसे देखने आते हैं। मुख्यमंत्री ने कांवड़ संघों और शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, प्रशासन के साथ सहयोग करें और किसी भी विरोधी तत्व को माहौल बिगाड़ने का अवसर न दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आस्था के केंद्रों का व्यापक विकास किया जा रहा है। उन्होंने दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर, पुरा महादेव में आदियोगी प्रतिमा एवं कॉरिडोर, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और मां विंध्यवासिनी धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

गाजियाबाद के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब यह शहर अपराध, गैंगवार और गंदगी के लिए जाना जाता था, लेकिन आज सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक बुनियादी ढांचे के कारण इसकी नई पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल, चौड़ी सड़कें, बेहतर नगर सेवाएं और तेज विकास गाजियाबाद को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का प्रमुख विकास केंद्र बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रैपिड रेल परियोजना को पिछली सरकारों ने आगे नहीं बढ़ाया था, लेकिन वर्ष 2017 में उनकी सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया। इसके परिणामस्वरूप मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो गया है तथा मोदीनगर और मुरादनगर जैसे क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिल रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कानून का राज, अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और पारदर्शी शासन ने उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बनाया है। उन्होंने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं सुशासन आता है और सुशासन से विकास तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।

ALSO READ THIS :  देवरिया में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली, लूटी गई सोने की माला बरामद

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में रैपिड रेल, एक्सप्रेसवे, एयर कनेक्टिविटी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी और अन्य औद्योगिक परियोजनाएं प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह विकास आने वाली पीढ़ियों के लिए उत्तर प्रदेश को नई पहचान देगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि छह बार विधायक और कई बार मंत्री रहे राजपाल त्यागी की लोकप्रियता उनके जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विधायक अजीत पाल त्यागी की भी सराहना करते हुए कहा कि वे अपने पिता की सेवा और विकास की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें