गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए।
सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की मौत का मामला प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना को लेकर विपक्षी दल लगातार राज्य सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी इस मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
वहीं, राज्य सरकार का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पीड़ित परिवार से मुलाकात को इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।



