जलालाबाद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल ने मंगलवार को जलालाबाद स्थित इंडस केयर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं और आयुष्मान भारत योजना के तहत दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
सीएमओ ने अस्पताल प्रबंधन से आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को मिलने वाले उपचार, भर्ती व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. कृष्ण गोपाल ने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र मरीजों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक प्रभावी करने के निर्देश भी दिए।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीएमओ को अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। प्रबंधन ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।



