Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2.05 करोड़ की प्रतिबंधित दवा बरामद; दो गिरफ्तार

लखनऊ में अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2.05 करोड़ की प्रतिबंधित दवा बरामद; दो गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन औषधि के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। ग्राम मौहारी (जेहटा) में छापेमारी के दौरान करीब 2.05 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन बरामद की गई। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी नमक, पानी और फिनायल मिलाकर ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे और फिर उसकी पैकिंग कर बाजार में आपूर्ति करते थे।

एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि मौहारी गांव में दो व्यक्ति बड़े पैमाने पर अवैध ऑक्सीटोसिन का निर्माण और आपूर्ति कर रहे हैं। इस पर एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ एक निर्जन स्थान पर बने आवासीय मकान में छापा मारा। मकान के पीछे खड़े पिकअप वाहन में दो व्यक्ति बोरियां लोड करते मिले। मकान के भीतर लोहे के दरवाजे के पीछे बने कमरे में बड़ी संख्या में भरी हुई बोरियां, जमीन पर बिखरी प्लास्टिक की बोतलें और ऑक्सीटोसिन तैयार करने तथा पैक करने का पूरा सेटअप मिला।

37 बोरियों में मिलीं 3,700 भरी बोतलें

छापेमारी के दौरान कुल 37 बोरियों में लगभग 3,700 प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल में करीब 200 मिलीलीटर ऑक्सीटोसिन भरी हुई थी। इसके अलावा 1,77,800 प्लास्टिक एम्प्यूल भी मिले, जिनमें प्रत्येक की क्षमता लगभग दो मिलीलीटर थी। ये एम्प्यूल करीब 1,500 एल्युमिनियम फॉयल पैकिंग में रखे हुए थे।

बरामद एम्प्यूल में 1.50 लाख कार्टनों में रखी फॉयल पैकिंग में, 24 हजार नीले डिब्बों में और 3,800 एक बोरी में रखे नीले डिब्बों में मिले। इसके साथ ही एक प्लास्टिक गैलन में करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन और बिना लेबल वाली तीन सिल्वर फॉयल पैकिंग में संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर बरामद हुआ।

ALSO READ THIS :  लखनऊ कचहरी में 200 से ज्यादा वकीलों के चैंबरों पर चलेगा बुलडोजर, विरोध में सड़क पर उतरे अधिवक्ता

फिनायल के 12 कैन और नमक के 36 पैकेट भी मिले

टीम को मौके से पांच-पांच लीटर फिनायल के 12 कैन और एक-एक किलो नमक के 36 पैकेट भी मिले। निर्माण और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री में करीब आठ हजार खाली प्लास्टिक बोतलें, विभिन्न रंगों के लगभग 44 हजार एल्युमिनियम ढक्कन और करीब पांच हजार ग्रे रंग के रबर कैप शामिल हैं।

इसके अलावा रबर के दस्ताने, सीलर मशीनें, प्लास्टिक फिलिंग पाइप, चाकू, प्लास, हथौड़ी, छेनी, मग, छन्नी और 200-200 लीटर के तीन खाली ड्रम भी बरामद किए गए। मौके से माल ढोने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया।

बिहार से मंगाते थे पाउडर, भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को करते थे सप्लाई

एफएसडीए और एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिलदार और इरफान के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से ग्राम महिमाखेड़ा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ के निवासी हैं और वर्तमान में कैटल कॉलोनी, थाना ठाकुरगंज में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर कथित तौर पर अवैध ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे। इसके बाद बोतलों और एम्प्यूल में भरकर पैकिंग करते और बिक्री के लिए भेजते थे। इस काम में एक अन्य सहयोगी के शामिल होने की बात भी सामने आई है, जिसके माध्यम से बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था। कुछ अन्य सामग्री गाजियाबाद से खरीदी जाती थी।

आरोपितों के अनुसार, तैयार माल की आपूर्ति भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को की जाती थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले इसी अपराध में जेल जा चुके हैं और रिहा होने के बाद दोबारा इस काम में जुट गए थे। उनके मुताबिक, यही उनकी आय का जरिया था। माल की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन भी उन्होंने इसी उद्देश्य से खरीदा था।

ALSO READ THIS :  लखनऊ में भैंसों की नीलामी के दौरान प्रदर्शन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, सपा कार्यकर्ता अनिस राज समेत 61 लोगों पर FIR

प्लास्टिक बोतलों और एम्प्यूल में निर्माण-विक्रय अवैध

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अवैध ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल पशुओं के साथ-साथ सब्जियों और फलों पर भी किया जाता है, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में निर्धारित है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका निर्माण एवं विक्रय अवैध है।

नौ नमूने जांच के लिए भेजे, नेटवर्क की तलाश जारी

इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफएसडीए के औषधि निरीक्षकों ने बरामद सामग्री के नौ नमूने जांच और विश्लेषण के लिए भेजे हैं। जांच टीम अब आरोपितों को कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले आपूर्तिकर्ताओं और तैयार ऑक्सीटोसिन खरीदने वालों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें