Home » विविध इंडिया » दिल्ली में पत्नी की कैंची से गोदकर हत्या, 48 घंटे में मुरादाबाद से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति

दिल्ली में पत्नी की कैंची से गोदकर हत्या, 48 घंटे में मुरादाबाद से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के गौतमपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी की कैंची से गोदकर हत्या करने के आरोप में फरार पति को दिल्ली पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के बाद लगातार शहर बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी निगरानी और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की शाम करीब 7:32 बजे सीलमपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गौतमपुरी की गली नंबर 9 स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर एक महिला गंभीर रूप से घायल पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 45 वर्षीय महिला खून से लथपथ हालत में मिली। उसे तत्काल जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से गायब मिला पति, उसी पर गया शक

घटना के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि घटना के बाद मृतका का पति सलीम घर से फरार है। इसके बाद पुलिस का शक उसी पर गहरा गया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिली सफलता

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके और आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

ALSO READ THIS :  कर्नाटक में तबाही का सफर: लॉरी और क्रूज़र की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, छह दोस्तों की दर्दनाक मौत

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी आनंद विहार से निकलकर मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ तक घूमता रहा। बाद में वह दोबारा मुरादाबाद पहुंचा, जहां रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी सलीम ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसकी पत्नी पहले एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करती थी और उसे लंबे समय से शक था कि उसका अपने एक सहकर्मी के साथ अवैध संबंध है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

आरोपी के मुताबिक, 16 जुलाई को भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में उसने कैंची से पत्नी पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसने घर का दरवाजा बंद किया और मौके से फरार हो गया।

हत्या में इस्तेमाल कैंची और खून से सने कपड़े बरामद

दिल्ली पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें