Home » विविध इंडिया » दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, कई इलाकों में AQI 350 के पार; 11 डिग्री तक गिर सकता है पारा, सुबह कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, कई इलाकों में AQI 350 के पार; 11 डिग्री तक गिर सकता है पारा, सुबह कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आने का अनुमान जताया है। दूसरी ओर, ठंड और धुंध के बीच दिल्ली-नोएडा की हवा भी लगातार खराब हो रही है। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया है, जबकि नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 342 दर्ज किया गया।

26 नवंबर तक 11 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में 21 से 26 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। 21 और 22 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।

वहीं, 23 और 24 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद 25 और 26 नवंबर तक न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन दिनों सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। तापमान में लगातार गिरावट से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।

दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 300 के पार

तापमान में गिरावट और धुंध के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सिरी फोर्ट में एक्यूआई 368 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। वजीरपुर में एक्यूआई 337, शादीपुर में 326 और विवेक विहार में 317 रिकॉर्ड किया गया।

ALSO READ THIS :  ‘वंदे मातरम’ पर सियासी संग्राम तेज! सोनिया गांधी पर NDA नेताओं का हमला, जयंत चौधरी ने बोले- भावनाओं का सम्मान जरूरी

इसके अलावा वसुंधरा एन्क्लेव में एक्यूआई 315 रहा, जबकि सोनिया विहार में 274 और टीकरी कलां में 264 दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 342

दिल्ली से सटे नोएडा में भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। यहां सेक्टर-62 में एक्यूआई 342 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। सेक्टर-125 में यह 270, सेक्टर-39 में 261 और सेक्टर-1 में 256 रहा। वहीं, सेक्टर-116 में एक्यूआई 228 दर्ज किया गया।

नोएडा के सेक्टर-150 में एक्यूआई 183 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। आंकड़ों से स्पष्ट है कि नोएडा के कई सेक्टरों में हवा की गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच चुकी है।

बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह

ठंड और प्रदूषण के एक साथ बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सुबह के समय कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम रहने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

वहीं, बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण अधिक रहने के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बाहर जाना जरूरी हो तो उपयुक्त मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लोगों की नजर बनी रहेगी।

ALSO READ THIS :  नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर जब्त; जांच को भेजे जाएंगे नमूने
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें