Home » विविध इंडिया » ऑपरेशन ‘मिलाप’ में दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता: 43 नाबालिग समेत 124 लापता लोगों को खोजकर परिवारों से मिलाया

ऑपरेशन ‘मिलाप’ में दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता: 43 नाबालिग समेत 124 लापता लोगों को खोजकर परिवारों से मिलाया

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिले ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जुलाई माह में लापता और कथित रूप से अपहृत हुए 43 नाबालिगों सहित कुल 124 लोगों को खोजकर सुरक्षित उनके परिवारों से मिला दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से कई परिवारों के चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई।

पुलिस के अनुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर 43 बच्चों और 81 वयस्कों का पता लगाया गया। लापता व्यक्तियों की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की और विभिन्न तकनीकी एवं पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें सुरक्षित बरामद किया।

सीसीटीवी, बस स्टैंड और मुखबिर तंत्र की मदद से मिला सुराग

दिल्ली पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच, स्थानीय लोगों से पूछताछ, ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड, बस अड्डों तथा रेलवे स्टेशनों पर लापता लोगों की तस्वीरें लगाने जैसे कई प्रभावी कदम उठाए गए।

इसके अलावा बस चालकों, परिचालकों, फेरीवालों और स्थानीय मुखबिरों से भी लगातार जानकारी जुटाई गई। आसपास के पुलिस थानों और अस्पतालों के रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की गई, जिससे कई मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिले और लापता लोगों तक पहुंचने में सफलता मिली।

कई थाना क्षेत्रों ने दर्ज की उल्लेखनीय सफलता

आर.के. पुरम थाना पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों के साथ सात वयस्कों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया। वहीं साउथ कैंपस थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की और एक वयस्क पुरुष को सुरक्षित बरामद किया।

वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में पांच नाबालिग लड़कियों और 17 वयस्कों का पता लगाया। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने सबसे अधिक सफलताओं में से एक दर्ज करते हुए पांच लड़कों, नौ लड़कियों, छह पुरुषों और आठ महिलाओं सहित कुल 28 लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया।

ALSO READ THIS :  मुज़फ्फरनगर में शराब के ठेके पर ग्राहक की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को किया गिरफ्तार

इसके अलावा पालम विलेज थाना पुलिस ने तीन नाबालिग और आठ वयस्क, सागरपुर थाना पुलिस ने पांच नाबालिग और दस वयस्क, दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने दो नाबालिग और दो वयस्क, जबकि सरोजिनी नगर थाना पुलिस ने तीन वयस्कों को सुरक्षित बरामद किया।

एसजे एन्क्लेव थाना पुलिस ने दो, किशनगढ़ थाना पुलिस ने पांच, मानव तस्करी विरोधी इकाई ने दस तथा लापता व्यक्ति इकाई ने 13 लोगों को खोजकर उनके परिवारों तक पहुंचाया।

कई लोग वर्षों से थे लापता

दिल्ली पुलिस के अनुसार बरामद किए गए लोगों में कई ऐसे भी थे जो वर्षों से लापता थे। अभियान के दौरान वर्ष 2020 से लापता 12 वयस्कों, वर्ष 2021 से लापता एक महिला, वर्ष 2024 के पांच मामलों, वर्ष 2025 के दो मामलों और वर्ष 2026 में लापता हुए 104 लोगों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया।

इन 104 लोगों में 41 नाबालिग और 63 वयस्क शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए भविष्य में भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि हर संभव व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें