Home » विविध इंडिया » दिल्ली में चाकूबाजी का खुलासा, 14 घंटे में हत्या की कोशिश के चार आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में चाकूबाजी का खुलासा, 14 घंटे में हत्या की कोशिश के चार आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या की कोशिश के मामले का पुलिस ने महज 14 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को दोपहर के समय वेलकम थाना पुलिस को कबीर नगर के सी ब्लॉक, गली नंबर-6 में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया है। घायल को तत्काल जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल युवक की पहचान कबीर नगर निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद साजिद के रूप में हुई। साजिद ने पुलिस को बताया कि चार युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया था। उसके बयान के आधार पर वेलकम थाने में हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर पकड़े गए आरोपी

मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर एक आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अगले 14 घंटे के भीतर बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया खंजरनुमा चाकू बरामद कर लिया।

ALSO READ THIS :  सोनम वांगचुक के इलाज को लेकर पत्नी की आपत्ति, अस्पताल को पत्र लिखकर कहा- बिना सहमति न दी जाए दवा या तरल पदार्थ

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनका मोहम्मद साजिद से विवाद हुआ था। इसी दौरान साजिद ने उनमें से एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए सभी ने मिलकर उस पर चाकू से हमला करने की योजना बनाई।

गिरफ्तार आरोपियों में 14 वर्षीय नाबालिग, 18 वर्षीय साहिल उर्फ चवन्नी, 21 वर्षीय नाजिम और 19 वर्षीय कादिर उर्फ काले बाबू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में चारों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हमले की पूरी साजिश कैसे तैयार की गई और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें