Home » उत्तर प्रदेश » देवरिया में सिरफिरे प्रेमी का खूनी तांडव: बात न करने पर प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से किया हमला, हालत नाजुक, आरोपी गिरफ्तार

देवरिया में सिरफिरे प्रेमी का खूनी तांडव: बात न करने पर प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से किया हमला, हालत नाजुक, आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी सत्यप्रकाश चौहान के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि सत्यप्रकाश का गांव की एक युवती से करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था और इस रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को भी थी। हालांकि करीब डेढ़ महीने पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।

बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद, फावड़े से किया हमला

पुलिस के मुताबिक रविवार को सत्यप्रकाश युवती के घर पहुंचा और बातचीत बंद करने का कारण पूछने लगा। इसी दौरान युवती का नाबालिग भाई वहां पहुंचा और युवक के घर आने का विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

आरोप है कि गुस्से में आकर सत्यप्रकाश ने पास में पड़े फावड़े से किशोर के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घटना के अगले दिन तक भी उसे होश नहीं आया था और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ALSO READ THIS :  नोएडा में व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट टूटी, कई व्यापारी और भाजपा नेता फंसे, बैंक्विट हॉल संचालक पर मुकदमा

आरोपी जेल भेजा गया

रामपुर कारखाना थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी सत्यप्रकाश चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इलाज के खर्च से जूझ रहा परिवार

घटना के बाद घायल किशोर के परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। परिजनों का कहना है कि इलाज का खर्च उधार लेकर तथा रिश्तेदारों और ग्रामीणों के सहयोग से उठाया जा रहा है। लगातार बढ़ते खर्च के कारण परिवार अपनी खेती की जमीन बेचने पर विचार कर रहा है।

गांव के लोगों ने भी चंदा जुटाकर परिवार की आर्थिक मदद की है। इस बीच क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने मानवीय पहल करते हुए पीड़ित परिवार को 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें