फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नसीरपुर पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए नकबजनी की वारदात को अंजाम देने वाले पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि 12 जुलाई को रहल गांव निवासी भंवर सिंह ने थाना नसीरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात चोर उनके घर की ईंट की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए थे। बदमाशों ने कमरे में रखे बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
जंगल में चोरी की योजना बना रहे थे बदमाश
रविवार देर रात थाना प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने चार अन्य बदमाशों को भी घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
आगरा के रहने वाले हैं सभी आरोपी
घायल बदमाश की पहचान तेज सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी पारौली, थाना फतेहाबाद, जनपद आगरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके साथ नैमीचंद पुत्र छोटेलाल निवासी धारापुरा, थाना फतेहाबाद, सुरेशचंद्र पुत्र सेवाराम निवासी शाहिदपुर, थाना फतेहाबाद तथा सियाराम और राधेश्याम पुत्र कैदार सिंह निवासी बिप्रावली भावनाथ की ठार, थाना पिनाहट, जनपद आगरा को भी गिरफ्तार किया है।
चोरी के आभूषण और तमंचा बरामद
पुलिस ने घायल आरोपी तेज सिंह के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से रहल गांव में हुई चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया है। वहीं गिरफ्तार अन्य चार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने जिले या आसपास के क्षेत्रों में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।



