Home » उत्तर प्रदेश » भीतर की आग बुझाने और मन का शोर थामने का जरिया है आध्यात्मिकता : उपेंद्र राय

भीतर की आग बुझाने और मन का शोर थामने का जरिया है आध्यात्मिकता : उपेंद्र राय

Facebook
Twitter
WhatsApp

गुरुग्राम के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट का शुभारंभ, 250 से अधिक मीडियाकर्मियों ने लिया हिस्सा

गुरुग्राम। सूचनाओं की तेज रफ्तार, बढ़ते शोर और पत्रकारिता के सामने खड़ी नई चुनौतियों के बीच आत्मचिंतन और मानसिक स्पष्टता का संदेश देने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) में तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट का शुभारंभ हुआ। ‘सुर्खियों से परे : आंतरिक शोर से आंतरिक स्पष्टता की ओर’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में 250 से अधिक मीडियाकर्मियों और अन्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि भारत एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय ने आध्यात्मिकता को मन की अशांति और भीतर चल रहे द्वंद्व को शांत करने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान में आने से मन का शोर समाप्त होता है और सकारात्मक संगत का व्यक्ति पर गहरा प्रभाव पड़ता है।

ईश्वर से जुड़ने पर ही थमता है मन का शोर

उपेंद्र राय ने कहा कि बाहर की आग को बुझाना आसान है, लेकिन भीतर की आग को शांत करने के लिए आध्यात्मिकता की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा, “जिस प्रकार नदियों का शोर सागर में जाकर ही थमता है, ठीक उसी प्रकार मन का शोर भी ईश्वर से जुड़ने से ही थम सकता है।”

उन्होंने कहा कि स्थूल नेत्रों से दिखाई देने वाली दुनिया से परे भी एक ऐसी दुनिया है, जिसका अस्तित्व महसूस किया जा सकता है। ज्ञान भीतर से ही आलोकित होता है और आवश्यकता उसे गहराई से अनुभव करने की है। जीवन में कई मुश्किलें जरूरत से ज्यादा बोलने के कारण पैदा होती हैं। मीडिया के क्षेत्र में ऊंची आवाज में अपनी बात रखने के बजाय शालीनता और संयम के साथ विचार व्यक्त करना अधिक प्रभावशाली होता है।

ALSO READ THIS :  समय पर जांच से बचेगी नौनिहालों की आंखों की रोशनी, 29 नवंबर को मेरठ में जुटेंगे विशेषज्ञ

उन्होंने पत्रकारिता के मूल्यों पर जोर देते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिकता किसी भी पत्रकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। पत्रकारिता में इन मूल्यों को बनाए रखना समय की जरूरत है।

मीडिया को अपनी आंतरिक दुनिया से भी जुड़ना होगा : बीके आशा दीदी

ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी ने कहा कि मीडिया को बाहरी दुनिया की घटनाओं के साथ-साथ अपनी आंतरिक दुनिया को भी महसूस करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति दिनभर अनेक लोगों से मिलता है, लेकिन स्वयं से मिलने का समय नहीं निकाल पाता। आध्यात्मिकता उसे स्वयं से जुड़ने और अपने भीतर झांकने का अवसर देती है।

उन्होंने विश्व के परिवर्तनशील चक्र का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया आज श्रेष्ठ पुनर्निर्माण की ओर बढ़ रही है। इस परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। मीडिया समाज को प्रभावित करने की क्षमता रखता है, इसलिए उसे अपने आचरण और मूल्यों के माध्यम से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।

समाज की दिशा बदलने में मीडिया की अहम भूमिका : शुक्ला दीदी

राजयोगिनी शुक्ला दीदी ने मीडिया प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया में समाज की दशा और दिशा बदलने की ताकत है। हालांकि, मौजूदा दौर में इस क्षेत्र में नैतिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े बदलाव के लिए सबसे पहले अपने भीतर की आवाज सुनना जरूरी है। मीडिया आज जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनका समाधान आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन के माध्यम से खोजा जा सकता है।

ALSO READ THIS :  नोएडा में अमित हत्याकांड के आरोपी आफताब से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद

खबरों की गुणवत्ता और तकनीक के विवेकपूर्ण इस्तेमाल पर जोर

इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट के निदेशक ध्रुव ज्योति पति ने खबरों की गुणवत्ता को पत्रकारिता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि ओम शांति रिट्रीट सेंटर एक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां मीडिया से जुड़े लोगों को सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है।

पीआईबी के पूर्व प्रधान महानिदेशक कुलदीप धतवालिया ने तकनीक के इस्तेमाल में विवेक और बुद्धि की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग करते समय सही और गलत के बीच अंतर समझना बेहद जरूरी है। किसी भी तकनीकी सुविधा को अपनाते समय उसके परिणामों और प्रभावों पर विचार किया जाना चाहिए।

सामाजिक बदलाव में मीडिया की भूमिका पर चर्चा

मीडिया प्रभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीके सरला आनंद ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से समाज में जागरूकता और बेहतर मूल्यों को बढ़ावा दिया जा सकता है।

मीडिया प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक राजयोगी बीके सुशांत ने प्रभाग की गतिविधियों और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव और बेहतर मूल्यों का विकास करना संस्थान के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

इससे पहले माउंट आबू से आए मीडिया प्रभाग के संयोजक बीके कोमल ने स्वागत वक्तव्य दिया। उन्होंने पत्रकारिता में आध्यात्मिकता के समावेश और आत्मिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।

राजयोग के अभ्यास से कराया शांति का अनुभव

कार्यक्रम के दौरान मुंबई से पहुंचीं बीके कमलेश ने उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास कराया। इस अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को गहन शांति और आत्मिक एकाग्रता का अनुभव कराया गया।

ALSO READ THIS :  बीजेपी नेता संगीत सोम का बड़ा बयान, "वक्फ एक आतंकी गिरोह, गंगा में डुबकी के बाद कुंभ में स्टॉल लगाए मुस्लिम"

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर, पटका पहनाकर और पौधा भेंट कर किया गया। बीके चांद ने मधुर गीत के माध्यम से सभी का स्वागत किया, जबकि बीके हुसैन ने कार्यक्रम का संचालन किया।

उद्घाटन सत्र में राजयोगिनी आशा दीदी, राजयोगिनी शुक्ला दीदी, बीके सरला आनंद, उपेंद्र राय, बीके कमलेश, बीके कोमल, ध्रुव ज्योति पति और वरिष्ठ पत्रकार अशोक चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। तीन दिवसीय मीडिया रिट्रीट में 250 से अधिक मीडियाकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारिता में नैतिकता, आध्यात्मिकता, आत्मचिंतन और आंतरिक स्पष्टता के महत्व को सामने रखा गया।

 

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें