Home » उत्तर प्रदेश » हापुड़ में मुठभेड़ के बाद 5 बदमाश गिरफ्तार, 55 लाख के कपड़ों से भरा कैंटर लूट का खुलासा

हापुड़ में मुठभेड़ के बाद 5 बदमाश गिरफ्तार, 55 लाख के कपड़ों से भरा कैंटर लूट का खुलासा

Facebook
Twitter
WhatsApp

हापुड़। हापुड़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 55 लाख रुपये से अधिक कीमत के कपड़ों से भरे कैंटर लूट की घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक चाकू और कपड़ों से भरा कैंटर बरामद किया गया है।

डीएसपी राहुल यादव के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कैंटर को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने तत्काल इसकी सूचना आगे तैनात दूसरी टीम को दी। दूसरी टीम ने रास्ते में कैंटर को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक कैंटर रुकने के बाद उसमें सवार आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने कैंटर की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में कपड़े लदे मिले। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक चाकू बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

28 सितंबर को कैंटर लूटने का आरोप

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में 28 सितंबर को कैंटर लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि पांच दिन पहले रात के समय बलवापुर-बृजघाट रोड पर आरोपियों ने कैंटर को रोककर उसके चालक और हेल्पर को बंधक बना लिया था।

ALSO READ THIS :  देवरिया हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली

आरोप है कि बदमाश चालक और हेल्पर को अमरोहा क्षेत्र में छोड़कर कपड़ों से भरा कैंटर लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक कैंटर में करीब 55 लाख रुपये से अधिक कीमत का सामान लदा हुआ था।

पांचों आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल निवासी जावेद तथा मुरादाबाद निवासी अजीम, प्रदीप, अमन और सुभान के रूप में की है। इनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और लूट की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें