Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » दवाई लेने जा रहे अक्षय की हत्या में 6 गिरफ्तार: खतौली में योजनाबद्ध तरीके से वारदात को दिया गया अंजाम; पुलिस ने हत्या का खुलासा कर डंडा और बोतल बरामद की

दवाई लेने जा रहे अक्षय की हत्या में 6 गिरफ्तार: खतौली में योजनाबद्ध तरीके से वारदात को दिया गया अंजाम; पुलिस ने हत्या का खुलासा कर डंडा और बोतल बरामद की

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के खतौली में युवक अक्षय की सरेआम ईंटों से कूचकर हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम अक्षय पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया था। वह दोस्त के साथ दवाई लेने निकला था, तभी जानसठ रोड स्थित चूना भट्टी के पास एक दुकान पर तीन नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने ईंटों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडा और बोतल भी बरामद की है।

SP सिटी अमृत जैन ने बताया कि खतौली के गांव बिहारीपुर निवासी 24 वर्षीय अक्षय पुत्र दिलीप सोमवार देर शाम गांव के ही अपने दोस्त आकाश के साथ बाइक से दवाई लेने निकला था। दोनों जानसठ रोड पर चूना भट्टी के पास एक दुकान पर पहुंचे। कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां आए और अक्षय को पकड़ लिया। आरोप है कि एक हमलावर ने उसके सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने उसके सिर पर ईंट से कई वार किए। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने अक्षय को बचाने का प्रयास नहीं किया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े अक्षय को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के चचेरे भाई राहुल ने घटना की तहरीर दी थी। पुलिस ने पहले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

ALSO READ THIS :  UP: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, पति-पत्नी और मासूम बेटी समेत तीन की मौत, बेटे की हालत गंभीर

परिजनों ने अक्षय की हत्या के पीछे प्रेम विवाह के बाद बनी रंजिश को वजह बताया। उनके मुताबिक, अक्षय ने करीब डेढ़ साल पहले पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से युवती के परिवार वाले उससे रंजिश मान रहे थे। परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार की ओर से धमकी भी दी गई थी कि अक्षय जहां मिलेगा, उसे मार दिया जाएगा। पुलिस ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक के साले समेत दो लोगों को हिरासत में लिया था और अक्षय के दोस्त आकाश से भी पूछताछ की गई।

अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। SP सिटी अमृत जैन के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासु, अंकुश, अमरदीप, आकाश, विकास और कंवरपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे और बोतल भी बरामद की गई है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें