Home » उत्तर प्रदेश » लखीमपुर में 13 साल के छात्र ने डीएम के सामने लगाई गुहार, बोला- ताऊ-ताई ने कमरे पर लगाया ताला; अफसरों ने तुरंत लिया संज्ञान

लखीमपुर में 13 साल के छात्र ने डीएम के सामने लगाई गुहार, बोला- ताऊ-ताई ने कमरे पर लगाया ताला; अफसरों ने तुरंत लिया संज्ञान

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक 13 वर्षीय छात्र की फरियाद ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले अमिताभ ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार के सामने अपनी पारिवारिक समस्या बेबाकी से रखी। बच्चे की हिम्मत और आत्मविश्वास देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी प्रभावित हुए। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अमिताभ ने जिलाधिकारी को बताया कि उसके घर के एक हिस्से पर ताऊ-ताई ने ताला लगा दिया है। उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और वह इस हिस्से को किराए पर देकर घर का खर्च चलाना चाहता है। छात्र ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले कई बार पुलिस चौकी पर की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

डीएम ने दिए विवाद सुलझाने के निर्देश

छात्र की पूरी बात जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने ध्यान से सुनी और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। डीएम ने शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह को मौके पर जाकर पारिवारिक विवाद का निपटारा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मामले को संवेदनशीलता के साथ देखते हुए जल्द समाधान किया जाए, ताकि बच्चे की पढ़ाई और परिवार की स्थिति प्रभावित न हो।

समाधान दिवस में छात्र अमिताभ की हिम्मत और जागरूकता चर्चा का विषय बन गई। अधिकारियों और लोगों ने उसकी स्पष्ट सोच और अपनी समस्या को मजबूती से रखने के साहस की सराहना की।

पिता ने की थीं दो शादियां, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए

जांच में सामने आया कि अमिताभ के पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से एक पुत्र है, जिसकी मां का निधन हो चुका है। बताया गया कि वह वर्तमान में लखनऊ में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रहा है। जिस कमरे पर ताला लगाए जाने की शिकायत की गई थी, वह उसी पुत्र के हिस्से का बताया जा रहा है।

ALSO READ THIS :  केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा का पीडीए सिर्फ सत्ता पाने का नारा

वहीं, समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंचा अमिताभ दूसरी पत्नी का बेटा है। जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता वर्तमान में मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।

प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की पारिवारिक स्थिति, शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम की पहल से एक बच्चे की शिकायत के पीछे छिपे पारिवारिक विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आ सकी।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चा अधिकारियों के सामने अपनी बात रखता नजर आ रहा है। लोगों ने बच्चे के आत्मविश्वास और जिलाधिकारी की संवेदनशीलता की सराहना की है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें