Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ में साजिश का खौफनाक खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर करैत सांप से डसवाकर कराई पति की हत्या

मेरठ में साजिश का खौफनाक खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर करैत सांप से डसवाकर कराई पति की हत्या

Facebook
Twitter
WhatsApp

मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में अतुल पवार की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार उर्फ निक्की के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। पुलिस का दावा है कि हत्या की योजना करीब चार महीने पहले बनाई गई थी और दो बार कोशिश नाकाम रहने के बाद तीसरी बार जहरीले करैत सांप के जरिए वारदात को अंजाम दिया गया।

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दामिनी का करीब एक साल पहले स्कूल वैन चालक तुषार से प्रेम संबंध हो गया था। इसके बाद दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने इस मामले में दामिनी, तुषार उर्फ निक्की, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, करीब चार महीने पहले अतुल की हत्या का पहला प्रयास किया गया था। आरोप है कि तुषार ने दामिनी को कुछ दवा उपलब्ध कराई, जिसे उसने अतुल के खाने में मिला दिया। दवा खाने के बाद अतुल की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी जान बच गई।

दो बार असफल प्रयास के बाद तीसरी बार जहरीले सांप से हत्या का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, पहले प्रयास के विफल होने के बाद दामिनी ने एक ज्योतिषी का हवाला देकर अतुल को गांव छोड़कर हस्तिनापुर में रहने के लिए तैयार किया। पुलिस का कहना है कि करीब 20 दिन पहले भी अतुल को मारने की कोशिश की गई थी।

ALSO READ THIS :  यूपी: मुजफ्फरनगर में दलित युवक की हत्या, साथी ने कहा- "न्याय नहीं, बदला लेंगे"

आरोप है कि तुषार ने कार से अतुल की बाइक में टक्कर मारकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण अतुल बच गया। बताया गया कि इस घटना के बाद अतुल पुलिस में शिकायत करना चाहता था, लेकिन दामिनी ने उसे यह कहकर रोक दिया कि वाहन का नंबर नहीं मिल पाया है, इसलिए शिकायत का कोई फायदा नहीं होगा।

जांच में पुलिस ने दावा किया कि तुषार ने अपने साथियों सोनू और उदय कुमार को पांच लाख रुपये देने का लालच देकर जहरीला सांप लाने के लिए कहा था। दोनों कथित रूप से करैत सांप पकड़कर तुषार के पास लेकर आए। पुलिस के अनुसार, तुषार ने सांप को कांच की बोतल में रखकर सुरक्षित रखा था।

पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात तुषार कथित तौर पर दामिनी को सांप और नींद की गोलियां देकर गया। आरोप है कि दामिनी ने अतुल के दूध में 10 से 12 नींद की गोलियां मिला दीं। जब अतुल गहरी नींद में था, तब कथित रूप से सांप को उसके बिस्तर पर छोड़ दिया गया। सर्पदंश के बाद अतुल की मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद दामिनी कमरे से बाहर चली गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो। घटना के बाद मामले की जांच शुरू हुई और पूछताछ में पुलिस को साजिश से जुड़े कई अहम सुराग मिले।

बीमा की रकम हासिल करने की भी आशंका, आरोपियों से पूछताछ जारी

मृतक के पिता अजब सिंह ने भी आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पहले भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने बताया कि अतुल अपनी मां संतोष देवी से कई बार पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की आशंका जता चुका था और उसे डर था कि उसकी हत्या कराई जा सकती है।

ALSO READ THIS :  चार साल का प्यार, परिवार की असहमति और दर्दनाक अंत, सहारनपुर में लैब टेक्नीशियन व टीचर की मौत से सनसनी

पुलिस जांच में आर्थिक लाभ का पहलू भी सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे बीमा राशि हासिल करने की योजना भी हो सकती है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सर्पदंश से हुई मौत को हादसा दिखाने की कोई साजिश तो नहीं थी।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत के कारणों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें