मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना में पुलिस ने हुंडई वरना कार से गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। कार में 65 किलो 970 ग्राम गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल कार भी कब्जे में ले ली है।
SP देहात महादिक अक्षय संजय द्वारा पुलिस ऑफिस में अपराह्न 3 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि 16 अक्टूबर को ऑपरेशन सवेरा के तहत बुढ़ाना पुलिस खतौली-बुढ़ाना मार्ग पर बसी गेट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हुंडई वरना कार वहां पहुंची। पुलिस टीम ने कार रोककर जांच करनी चाही तो उसमें सवार दोनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। कार की तलाशी में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 65 किलो 970 ग्राम निकला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी हरथला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद और प्रेम सिंह निवासी गांव कुचावली, थाना छजलैट, मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक मूल रूप से बागपत जिले के कांधला थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना का रहने वाला है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने मुरादाबाद की एक अज्ञात महिला से सस्ते दामों पर गांजा खरीदने और अलग-अलग जिलों में महंगे दामों पर बेचने की बात बताई है। पुलिस इस जानकारी की जांच कर रही है। अब महिला की पहचान करने के साथ ही गांजे की सप्लाई और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, आरोपी प्रेम सिंह के खिलाफ बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। यह मामला अपराध संख्या 370/2025 के रूप में दर्ज बताया गया है। अभिषेक के संबंध में फिलहाल बुढ़ाना थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमे का विवरण दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बुढ़ाना थाने में मुकदमा संख्या 469/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में हुई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पत्रकारों को कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और कथित तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

