मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में स्कूली बच्चों और शिक्षकों को आपदा के समय सुरक्षित रहने और बचाव के तरीके सिखाने के लिए मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत जिले के 200 शिक्षण संस्थानों का चयन और सत्यापन किया जाएगा। चयनित स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा 500 विद्यार्थियों की सहभागिता से जिला स्तरीय मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें ADM (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने कार्यक्रम की कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय में तैयारियां पूरी कर कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योजना के तहत चयनित किए जाने वाले 200 शिक्षण संस्थानों में 100 माध्यमिक विद्यालय, 60 निजी विद्यालय और 40 सरकारी एवं गैर सरकारी महाविद्यालय शामिल होंगे। इन संस्थानों का चयन और सत्यापन कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि फेज-3 में शामिल संस्थान पहले संचालित फेज-1 और फेज-2 से अलग हों। यदि माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से 200 संस्थानों की संख्या पूरी नहीं होती है तो समिति की सहमति से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों को भी शामिल किया जा सकेगा। इसकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दी गई है।
प्रत्येक चयनित संस्थान में 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने की योजना है। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की भागीदारी भी अनिवार्य रहेगी। प्रशिक्षण के लिए 3 से 4 घंटे के बैच बनाए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रशिक्षण की तारीख और समय-सारिणी जारी करेंगे।
प्रशिक्षण में अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और एनसीसी की टीमें अहम भूमिका निभाएंगी। जिला अग्निशमन अधिकारी की टीम आग से बचाव और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का लाइव डेमो देगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम प्राथमिक उपचार और सीपीआर का प्रशिक्षण देगी। वहीं, 82वीं बटालियन एनसीसी की टीम आपदा के समय सुरक्षित निकासी, बचाव कार्य और मॉक ड्रिल में सहयोग करेगी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आपदा विशेषज्ञों, आपदा मित्रों, सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन की जानकारी रखने वाले शिक्षकों को भी मास्टर ट्रेनर के रूप में शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक उपचार, आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल, भूकंप के समय सुरक्षा, सुरक्षित स्थान तक पहुंचने और दामिनी ऐप के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के तहत जिले के किसी बड़े कॉलेज या विद्यालय में 500 विद्यार्थियों की सहभागिता से जिला स्तरीय मेगा इवेंट भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संस्थान का चयन, आयोजन की तारीख और विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की योजना है।
बैठक में ASP सिद्धार्थ के मिश्रा, DIOS हरिकेश यादव, CFO अनुराग कुमार, जिला सूचना अधिकारी नर सिंह, BSA संदीप कुमार, विजय कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

