मुज़फ्फरनगर। जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के धनसैनी गांव स्थित देशी शराब के ठेके के अंदर ग्राहक की बेल्ट से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पीड़ित की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस ने आरोपी का शांति भंग की आशंका में चालान किया है।
वायरल वीडियो में शराब के ठेके के सेल्समैन रॉबिन, निवासी धनसैनी एक युवक को ठेके के अंदर खींचकर बेल्ट से पीटता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट में युवक को चोटें भी आईं।
मामले में थाना तितावी प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि घटना 17 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे के बाद की है। निर्धारित समय 10 बजे शराब का ठेका बंद हो चुका था। इसी दौरान रोमी निवासी नसीरपुर शराब लेने पहुंचा और ठेका बंद होने के बावजूद शराब देने का दबाव बनाने लगा।
पुलिस के अनुसार शराब न मिलने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद रोमी ने सेल्समैन रॉबिन के साथ मारपीट की। इसके बाद रॉबिन ने भी उसे पकड़कर पहले उसे ठेके के अंदर खींच लिया और फिर उसके बाद बेल्ट से पीट दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी सेल्समैन को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। ऐसे में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।



