Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » दीपावली पर मुजफ्फरनगर का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: जिला अस्पताल में 10 और CHC पर 4-4 बेड आरक्षित, आतिशबाजी से झुलसने वालों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था

दीपावली पर मुजफ्फरनगर का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: जिला अस्पताल में 10 और CHC पर 4-4 बेड आरक्षित, आतिशबाजी से झुलसने वालों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं, जबकि जिला अस्पताल में भी झुलसे हुए मरीजों के उपचार के लिए 10 बेड की व्यवस्था की गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने तथा आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मरीजों के उपचार की तैयारियां देखीं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर दीपावली के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त मेडिकल स्टाफ, जरूरी दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था बनाए रखें, ताकि आग से झुलसने या अन्य दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को बिना देरी के इलाज मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से दीपावली सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी करते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें और पटाखे खुले स्थान पर ही जलाएं। ज्वलनशील पदार्थों और कपड़ों से दूर रहकर पटाखे जलाएं। आंखों और हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा पटाखे जलाते समय पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पास रखें।

ALSO READ THIS :  जिला अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने किया हंगामा: तीन दिन से भर्ती था शमीम, परिजनों ने इंटर्न डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही और स्टाफ पर पैसे लेने का लगाया आरोप

उन्होंने बताया कि जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से पर तत्काल सामान्य ठंडा बहता पानी डालना चाहिए। वहां बर्फ, घी, तेल या टूथपेस्ट नहीं लगाना चाहिए। गंभीर स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए।

सीएमओ ने ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने, अधिक धुआं करने वाले पटाखों से परहेज करने तथा सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही दीपावली पर खानपान में संयम बरतने, मिलावटी मिठाइयों से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें