Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में हाईवे पर बुजुर्ग की स्कूटी को ट्रक ने मारी टक्कर: हेलमेट ने बचाई जान, राहगीरों ने भी दिखाई इंसानियत

मुजफ्फरनगर में हाईवे पर बुजुर्ग की स्कूटी को ट्रक ने मारी टक्कर: हेलमेट ने बचाई जान, राहगीरों ने भी दिखाई इंसानियत

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर बाइपास कट पर करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने लाल रंग की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया गया कि बुजुर्ग के सिर पर हेलमेट लगा होने की वजह से उनकी जान बच गई, हालांकि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल बुजुर्ग की पहचान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के भंडूर गांव निवासी आदेश पुत्र लालू के रूप में हुई है। उनकी स्कूटी पर अधिवक्ता का स्टीकर भी लगा हुआ था। हादसे के बाद बुजुर्ग सड़क पर गंभीर हालत में पड़े रहे और मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।

हादसे के बाद मौके पर मानवता की मिसाल भी देखने को मिली। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे घायल बुजुर्ग को देखकर कई राहगीर उनकी मदद के लिए आगे आए। लोगों ने उनके हाथ-पैरों की लगातार मालिश की और उन्हें संभालने का प्रयास किया। इस दौरान राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी।

सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में घायल बुजुर्ग को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें उपचार दिया जा रहा है।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाया। बताया गया कि हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को सड़क पर छोड़कर मौके से भाग गया था। पुलिस ने ट्रक को भी हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: 110 बीघा अवैध प्लॉटिंग और अवैध कॉलोनियों पर गरजा बुलडोजर

पुलिस हादसे की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे की वजह ट्रक की टक्कर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद स्कूटी बुरी तरह चकनाचूर हो गई थी। फिलहाल घायल बुजुर्ग का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें