Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में पुलिस परिवार के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, IIT-JEE, NEET और NDA की तैयारी का मार्गदर्शन

मुजफ्फरनगर में पुलिस परिवार के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, IIT-JEE, NEET और NDA की तैयारी का मार्गदर्शन

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा और करियर निर्माण को लेकर वामा सारथी की ओर से पहल की गई। वामा सारथी मुज़फ़्फ़रनगर की अध्यक्ष डॉ. नीलम राय वर्मा और SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ के प्रयासों से गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आकाश इंस्टीट्यूट ने पुलिस लाइन स्थित पुलिस लाइब्रेरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भेंट की।

कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। बच्चों को विशेष रूप से IIT-JEE, NEET, NDA और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बताया गया। बेहतर तैयारी के लिए अध्ययन की रणनीति और जरूरी पद्धतियों पर भी चर्चा की गई।

आकाश इंस्टीट्यूट मुज़फ़्फ़रनगर के मैनेजर शाहनवाज अहमद, एकेडमिक काउंसलर नितिन कुमार और उनकी टीम ने बच्चों को करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही पुलिस लाइब्रेरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी पुस्तकें और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसका उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को लाइब्रेरी में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।

इस मौके पर डॉ. नीलम राय वर्मा ने आकाश इंस्टीट्यूट का आभार जताते हुए बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को गंभीरता से लेने, लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे पूरे मन से तैयारी करें और किताबों या अध्ययन सामग्री की कमी को अपनी तैयारी में बाधा न बनने दें। जरूरत पड़ने पर अन्य पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराने की बात कही।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में मावा आढ़तियों का आक्रोश! प्रशासन पर मनमानी तो कोल व्यापारी पर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज आरोप

SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

वामा सारथी की ओर से पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के शैक्षिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजकों के अनुसार पुलिस परिवार के बच्चों को शिक्षा, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें