मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में बीमा की 16 लाख रुपये की रकम हासिल करने के लिए रिश्तों को भी साजिश का हिस्सा बना लिया गया। बेटे की स्कॉर्पियो-N चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई, पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन जांच में जो कहानी सामने आई, उसने पूरे मामले को ही पलट दिया।
जानसठ पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो चोरी कराने की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मुकदमे के वादी के पिता ने ही रची थी। उसने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर बेटे की गाड़ी चोरी कराई, ताकि बीमा कंपनी से 16 लाख रुपये हासिल किए जा सकें।
मामला 26 अक्टूबर का है। मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के गांव मवी मीरा निवासी मोहम्मद शाहबाज सलमानी ने जानसठ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वर्ष 2023 मॉडल की सफेद स्कॉर्पियो-N को भलेड़ी गेट के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
बुधवार को जानसठ पुलिस ने सलारपुर जटवाड़ा नहर पटरी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित चोरी की इस साजिश का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान निवासी गांव तिसंग, अफजाल निवासी गांव मवी मीरा और मेहताब निवासी लावड़, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
CO जानसठ ऋषिका सिंह के मुताबिक, पूछताछ में अहसान ने खुलासा किया कि स्कॉर्पियो चोरी कराने की योजना मुकदमे के वादी के पिता अफजाल ने बनाई थी। बीमा के 16 लाख रुपये हासिल करने के उद्देश्य से अहसान और मेहताब को इस साजिश में शामिल किया गया। योजना के तहत स्कॉर्पियो चोरी कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई और फिर उसे बेचने की तैयारी थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कॉर्पियो बरामद की है, जिस पर दिल्ली की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार भी बरामद हुई, इस पर भी फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस के अनुसार, यह ऑल्टो कार भी दिल्ली से चोरी की गई थी और इसके संबंध में गोविंदपुरी थाने में 28 अगस्त को मुकदमा दर्ज है।
बरामदगी में एक अवैध तमंचा और .315 बोर का जिंदा कारतूस भी शामिल है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अहसान और अफजाल का पहले से आपराधिक इतिहास है। अफजाल के खिलाफ मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, सहारनपुर और गौतमबुद्धनगर में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
