Home » उत्तर प्रदेश » ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर कसा तंज, बोले- आपके फॉर्मूले में ‘D’ का मतलब अब ‘दूर से प्रणाम’ होता जा रहा

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर कसा तंज, बोले- आपके फॉर्मूले में ‘D’ का मतलब अब ‘दूर से प्रणाम’ होता जा रहा

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाए और उनके हालिया दौरों को लेकर तंज कसा। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए में ‘डी’ का मतलब अब ‘दूर से प्रणाम’ होता जा रहा है।

रामपुर, बनारस और सांसद के आवास पर जाने को लेकर कसा तंज

ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अखिलेश यादव, ले लिए सब का हाल-समाचार? ऐसा लगता है कि आपके ‘पीडीए’ में ‘डी’ का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा है।”

उन्होंने आगे लिखा, “रामपुर जाकर ‘ए’ से मिल लिए, बनारस में स्वजातीय वाले ‘पी’ के घर-दुकान हो लिए और लगे हाथ नाम करने के लिए ‘डी’ सांसद के महल में टहल आए।”

राजभर ने इस टिप्पणी के जरिए अखिलेश यादव के रामपुर, वाराणसी और एक सांसद के आवास पर जाने को लेकर निशाना साधा।

अखिलेश सरकार के कार्यकाल पर भी उठाए सवाल

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के पुराने शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ-साथ दलितों की स्थिति भी दयनीय रही। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “वैसे भी आपके राज में ‘पी’ और ‘ए’ के बीच असली ‘डी’ यानी दलित की स्थिति दयनीय ही रही।”

उन्होंने वर्तमान सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि आज दलित वर्ग के लोगों के घर पक्के हैं, शौचालय बने हैं, महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। साथ ही बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इसी वर्ग के हितों की अनदेखी की थी।

ALSO READ THIS :  ब्रजेश पाठक का दावा- 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी NDA सरकार, अखिलेश के INDIA बैठक से दूरी पर साधा निशाना

आम जनता के बीच जाने की दी सलाह

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें केवल अपने समर्थकों और परिचित लोगों के बीच जाने के बजाय आम जनता से भी मिलना चाहिए। उन्होंने लिखा, “महाराज, जमीन पर उतरिए। सिर्फ अपने वालों के यहां नहीं, बल्कि आम जनता से भी मिलिए, तभी तो जानेंगे कि आपके कुशासन की तुलना में वर्तमान शासन में क्या-क्या बदल गया है। सोचिएगा जरूर।”

पोस्ट के अंत में राजभर ने ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम और जय महाराजा सुहेलदेव’ लिखकर अपनी बात समाप्त की।

अखिलेश यादव ने बताया है पीडीए का व्यापक अर्थ

गौरतलब है कि अखिलेश यादव कई मौकों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि पीडीए का अर्थ केवल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, समाज का हर वह वर्ग पीडीए के दायरे में आता है, जो उत्पीड़न, पीड़ा, दुख या अपमान का सामना कर रहा है। ब्राह्मण समुदाय को लेकर भी उन्होंने कहा था कि पीडीए में ‘पी’ का मतलब ‘पंडित’ भी है और यदि कोई ब्राह्मण पीड़ित है तो वह भी इस दायरे में शामिल है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें