Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » तिरंगा यात्रा से गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, विज्ञान मॉडल में दिखी छात्राओं की प्रतिभा: भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में तिरंगा यात्रा, विज्ञान प्रदर्शनी और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित

तिरंगा यात्रा से गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, विज्ञान मॉडल में दिखी छात्राओं की प्रतिभा: भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में तिरंगा यात्रा, विज्ञान प्रदर्शनी और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे राष्ट्रभक्ति, वैज्ञानिक सोच और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय में एक साथ तिरंगा यात्रा, विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी और हरियाली तीज के अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अलग-अलग गतिविधियों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया। यात्रा के दौरान छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह नजर आया।

तिरंगा यात्रा में शारीरिक एवं खेल शिक्षिका सीमा सिंह, शशि प्रभा, सपना पुंडीर, आचार्या पारुल चौधरी, आचार्य नरेंद्र कुमार और आचार्य अनु शुक्ला ने सहभागिता करते हुए छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।

विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में दिखी वैज्ञानिक सोच

विद्यालय में साइंस मॉडल एग्जिबिशन भी आयोजित की गई। कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं ने अलग-अलग वैज्ञानिक विषयों पर आधारित मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा बनाए गए मॉडल में उनकी मेहनत, विषय की समझ और वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिखाई दिया।

प्रदर्शनी का मार्गदर्शन सपना मित्तल, रितु गोयल, अर्चना त्यागी, शिल्पा मित्तल, दीप्ति तिवारी, नरेंद्र कुमार, नीशू कौशिक और अनु शुक्ला ने किया। विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

हरियाली तीज पर 70 छात्राओं ने रचाई मेहंदी

हरियाली तीज के अवसर पर विद्यालय में मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक की करीब 70 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक और कलात्मक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची तीन दोस्तों की अनोखी कांवड: एक दंडवत, दूसरा सपाटे... तीसरे के कंधे पर 101 लीटर गंगाजल

प्रतियोगिता की अध्यक्षता प्रतियोगिता विभाग प्रमुख रेशु सैनी ने की। निर्णायक मंडल में विद्यालय की कोषाध्यक्ष ममता वर्मा, अनीता चौधरी और रेशु सैनी शामिल रहीं। निर्णायकों ने डिजाइन की सुंदरता, रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा के आधार पर छात्राओं का मूल्यांकन किया और प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार के लिए चयन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने सभी प्रतिभागी छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने छात्राओं से निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों ने एक ही मंच पर देशभक्ति, विज्ञान और भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंगों को सामने रखा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह रहा और विद्यालय परिवार में भी हर्ष का माहौल दिखाई दिया।

 

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें