Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » WiFi इस्तेमाल करते ही मिली पुलिस को अहम लीड: परिजनों की डांट से घर छोड़ गया था किशोर, 24 घंटे में बागपत से बरामद

WiFi इस्तेमाल करते ही मिली पुलिस को अहम लीड: परिजनों की डांट से घर छोड़ गया था किशोर, 24 घंटे में बागपत से बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। पढ़ाई को लेकर परिजनों की डांट से आहत होकर घर छोड़कर निकले 14 वर्षीय किशोर को सिविल लाइन पुलिस ने रविवार को महज 24 घंटे के भीतर बागपत से सकुशल बरामद कर लिया। इस पूरे मामले में पुलिस को सबसे अहम सुराग तब मिला, जब किशोर ने बागपत में एक परिचित के घर का वाई-फाई इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट चलाया।

मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सुमन विहार ( जाट कॉलोनी) का है। 3 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे दीपक शर्मा ने अपने नाबालिग बेटे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा के निर्देशन में स्टेडियम चौकी प्रभारी अरुण चाहर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

जांच के दौरान पता चला कि किशोर पढ़ाई को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकला था। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो रिक्शा द्वारा वो रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचना पाया गया। उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

पूछताछ में उसने बताया कि वो बस द्वारा अपने दोस्त के दोस्त की मौसी के बेटे के पास बागपत में पहुंच गया था। वहां उसने घर के वाई-फाई का उपयोग कर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट चलाया। सोशल मीडिया गतिविधियों से मिले तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंच गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने बागपत पहुंचकर किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह किसी के बहकावे या दबाव में नहीं था, बल्कि घर की डांट से नाराज होकर चला गया था।

ALSO READ THIS :  यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले, दीपक कुमार पाल बने मुजफ्फरनगर के नए नगर मजिस्ट्रेट

सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित वापस मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और सिविल लाइन पुलिस की त्वरित कार्रवाई तथा तकनीकी जांच की सराहना की।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें