मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर में सोमवार शाम एक ही परिवार में मां-बेटे की मौत से हड़कंप मच गया। करीब 80 वर्षीय सुशीला शर्मा पत्नी दयाराम और उनके करीब 50 वर्षीय अविवाहित बेटे जितेन्द्र शर्मा की हालत बिगड़ने के बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना शाम करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि जितेन्द्र अपनी मौसी से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां सुशीला ने उसे डांटा था।

परिजनों के मुताबिक, मां की डांट के बाद जितेन्द्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके कुछ समय बाद सुशीला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान पहले जितेन्द्र और बाद में सुशीला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
CO नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, मृतक जितेन्द्र के छोटे भाई की पत्नी सुधा शर्मा भी मौके पर मौजूद थीं। नई मंडी पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
CO ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल शुरुआती जानकारी में पुलिस के सामने जो घटनाक्रम आया है, उसके मुताबिक नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर मां द्वारा बेटे को डांटे जाने के बाद यह घटनाक्रम हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

