मुज़फ़्फ़रनगर। शहर के बिजली उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत नगरीय वितरण खंड की ओर से आज तीन अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों पर शटडाउन घोषित किया गया है। इस दौरान टाउन हॉल, टीपी नगर और सुरेंद्र नगर उपकेंद्रों से जुड़े 11 केवी फीडरों पर अलग-अलग समय में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग की ओर से तीनों उपकेंद्रों पर अलग-अलग तकनीकी कार्य कराए जाएंगे।
विद्युत नगरीय वितरण खंड-तकनीकी एवं एडमिन, विष्णु विहार स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से जानकारी के मुताबिक, टाउन हॉल उपकेंद्र पर वितरण परिवर्तक की शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 11 केवी सदर बाजार और 11 केवी ब्रह्मपुरी फीडर पर सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन रहेगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।
वहीं, टीपी नगर विद्युत उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केवी कूकड़ा पोषक पर बिजनेस प्लान के तहत प्रस्तावित कार्य कराया जाएगा। इसके लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इस अवधि में संबंधित फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा सुरेंद्र नगर विद्युत उपकेंद्र पर आवश्यक निरीक्षण, परीक्षण और अनुरक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके चलते उपकेंद्र से निर्गत सभी 11 केवी फीडरों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन रहेगा। विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से बिजली कटौती को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने और कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शटडाउन के दौरान अधिक जानकारी या शिकायत के लिए उपभोक्ता बिजली हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य की आवश्यकता और प्रगति को देखते हुए निर्धारित शटडाउन के समय में बदलाव किया जा सकता है।

