Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में प्रेमी के पिता की गोली मारकर दिन दहाड़े हत्या से सनसनी: लड़की भगाने के आरोप में जेल में बंद है बेटा, फैक्ट्री जाते वक्त छाती में मारी गोली

मुज़फ़्फ़रनगर में प्रेमी के पिता की गोली मारकर दिन दहाड़े हत्या से सनसनी: लड़की भगाने के आरोप में जेल में बंद है बेटा, फैक्ट्री जाते वक्त छाती में मारी गोली

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के पिनना चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक प्राइवेट फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बुढ़ाना-पीनना मार्ग पर हुई। करीब 50 वर्षीय सुभाष गांव शाहपुर थाना इलाके के किनोनी गांव का रहने वाला था और बुढ़ाना मोड़ स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। मंगलवार को वह साइकिल से फैक्ट्री जा रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली उसकी छाती में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हमलावरों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की हैं।

पुलिस के मुताबिक, सुभाष के बेटे आकाश का करीब एक महीने पहले गांव के ही रहने वाले हरिओम की बेटी के साथ मामला हुआ था। आरोप है कि आकाश युवती को लेकर फरार हो गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था, जबकि आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में युवती मेरठ के नारी निकेतन में है और आकाश जेल में बंद है।

इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच मतभेद और रंजिश चलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद को लेकर दो दिन पहले दोनों परिवारों के बीच समझौते के लिए पंचायत भी हुई थी। हालांकि, पंचायत के बाद अब सुभाष की हत्या किए जाने से पुलिस इस वारदात को पारिवारिक रंजिश से जोड़कर देख रही है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: पुलिस भर्ती घोटाले में 3 करोड़ ठगी, ठग ताहिर उर्फ काला के वायरल ऑडियो में कबूलनामा, पुलिस बोली, "पुराना केस"

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंजिश का एंगल सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह और हमलावरों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें