मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के खतौली कस्बे में अल सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात युवक ने 15 सितंबर को महिला को अचानक पीछे से दबोच लिया। घटना पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वायरल सीसीटीवी पर दर्ज़ टाइमिंग के मुताबिक, घटना 15 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे की है। एक महिला मॉर्निंग वॉक से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका पीछा करता हुआ आया और रास्ते में महिला के साथ बदसलूकी की। अचानक दौड़कर आए युवक ने महिला को पीछे से दबोच लिया। अचानक हुए हमले में महिला असहज हो गई और घबराते हुए उसने शोर मचा दिया। महिला के विरोध और शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से उल्टे पांव फरार हो गया।
पूरी घटना पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि टीशर्ट और शॉर्ट्स पहने एक व्यक्ति कैसे महिला के पीछे आता और उसके साथ छेड़छाड़ करता है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मुज़फ़्फ़रनगर संजय कुमार वर्मा ने स्थानीय पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खतौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी हैं।
सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें एक व्यक्ति महिला के साथ छेड़खानी करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं और पहचान होने के बाद शीघ्र गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

