मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित एसडी डिग्री कॉलेज के बाहर मंगलवार रात तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में रेहड़ा, ई-रिक्शा, रोडवेज बस और बाइक कार की चपेट में आ गए। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर रेहड़ा खड़ा कर जाम लगा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी ओर पहुंच गई। इस दौरान रास्ते में आए कई वाहनों को टक्कर लगी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग कार की चपेट में आए लोगों की मदद के लिए तुरंत आगे बढ़ गए।
घटना के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने चालक पर शराब के नशे में कार चलाने का आरोप लगाया है। दावा किया जा रहा है कि कार चला रहा युवक पुलिस विभाग में तैनात है। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को डायल-112 के वाहन में बैठाकर अपने साथ थाने ले गई।
हादसे से नाराज बंजारे समाज के लोगों ने भोपा रोड पर रेहड़ा खड़ा कर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

