गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह एक फैब्रिकेशन फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर ए-7, पार्ट-1 के प्लॉट नंबर एफ-18 पर संचालित जावेद फैब्रिकेशन के भूतल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 35 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
सुबह 9:15 बजे मिली आग लगने की सूचना
दमकल विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर और फायर सर्विस यूनिटों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल फायर स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर दूर था। मामले की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कमिश्नरेट गाजियाबाद को भी दी गई। उनके निर्देश पर आग बुझाने के लिए वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और बागपत जिले के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर भी भेजा गया।
दो मंजिला इमारत के भूतल में लगी थी आग
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पाया कि करीब 300 वर्गमीटर के भूखंड पर बने दो मंजिला भवन के भूतल में आग लगी हुई थी। फैक्ट्री में फ्लैक्सिबल प्रिंटिंग और मेटल फैब्रिकेशन का काम किया जाता है।
आग को फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने तत्काल होज पाइप फैलाए और मोटर फायर इंजन की मदद से पानी की पंपिंग शुरू कर दी। कई फायर स्टेशनों से पहुंचे संसाधनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
सुबह 9:50 बजे तक आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद लगातार पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया गया। विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 9:50 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था।
आग बुझने के बाद दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री में मौजूद सामान की जांच की। जिन स्थानों से धुआं उठ रहा था, वहां भी पानी डालकर स्थिति को सामान्य किया गया, ताकि आग दोबारा भड़कने की आशंका न रहे।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
इस अग्निकांड में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद परिसर की जांच की। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

