मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में शहर की हृदयस्थली शिव चौक पर बुधवार सुबह दुकानदारों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए। मारपीट के साथ पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बीती रात हुई थी। आरोप है कि एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे पक्ष की दुकान पर पेशाब कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे विवाद फिर बढ़ गया और दोनों पक्ष शिव चौक पर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष खालापार थाने के हिस्ट्रीशीटर हाजी शेर के परिवार से जुड़ा है, जबकि दूसरा पक्ष नवीन कश्यप का है। शहर के व्यस्त शिव चौक पर हुई इस घटना के दौरान मारपीट और पथराव की बात सामने आई है।
नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों को हिरासत में लिया है। पहले पक्ष से दानिश, अमजद, फिरोज, नसीम, अमन, सावेज और अजीम को हिरासत में लिया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से लक्ष्य, नवीन कश्यप, अभिनव और विशान्त को पकड़ा गया है।
हिरासत में लिए गए लोगों में पहले पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के चार लोग शामिल हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

