मुज़फ़्फ़रनगर। भगत सिंह रोड पर दीपावली बाजार लगाने को लेकर गुरुवार को हुए हंगामे के बाद आखिरकार रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को राहत मिल गई है। प्रशासन के टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने के फैसले का विरोध कर रहे दुकानदारों की समस्या सुनने के लिए राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल मौके पर पहुंचे। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद भगत सिंह रोड पर पटरी बाजार लगना शुरू हो गया।
दरअसल, प्रशासन ने इस बार यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए भगत सिंह रोड पर सड़क के बीच बाजार लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। दुकानदारों को शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस फैसले से नाराज रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने हंगामा करते हुए विरोध जताया।
दुकानदारों का कहना था कि भगत सिंह रोड पर ही ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। टाउन हॉल में दुकानें लगाने से उनका कारोबार प्रभावित होगा। कई दुकानदारों ने ठिए खरीदने में 20-20 हजार रुपये तक खर्च करने की बात कही। उनका यह भी कहना था कि पहले पांच दिन बाजार लगता था, जबकि इस बार दुकान लगाने के लिए केवल तीन दिन बचे हैं।
हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। प्रशासन ने टाउन हॉल मैदान में दुकानों के आवंटन के लिए 100 रुपये शुल्क लेकर रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया था।
इसी बीच मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों की बात सुनी। उनके हस्तक्षेप के बाद बाजार लगाने का रास्ता निकला और भगत सिंह रोड पर पटरी बाजार शुरू हो गया। इससे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली।

