मुज़फ़्फ़रनगर। शहर के विकास के लिए नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में करीब 75 करोड़ रुपये के 111 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। शुक्रवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क निर्माण, मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सफाई सहित विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही वहलना चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने और वाल्मीकि चौक के नामकरण से जुड़ा प्रस्ताव भी पास किया गया।

बैठक में शहर के अलग-अलग वार्डों में कराए जाने वाले निर्माण और विकास कार्यों पर चर्चा हुई। इस दौरान कुछ प्रस्तावों को लेकर सभासदों के बीच बहस भी हुई। स्थिति को देखते हुए पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने हस्तक्षेप कर सभासदों को शांत कराया और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई।

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि बैठक में करीब 75 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से जुड़े 111 प्रस्ताव रखे गए थे, जिन्हें सभी बोर्ड सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से शहर के विभिन्न वार्डों में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
वहलना चौक का नाम महाराणा प्रताप चौक किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड की मंजूरी मिली। वहीं, वाल्मीकि चौक के नामकरण से जुड़ा प्रस्ताव भी पास हुआ। अध्यक्ष ने इस फैसले पर वाल्मीकि समाज के लोगों को बधाई दी। बैठक के दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने भी सम्मान किया।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि प्रस्तावों में मुख्य रूप से सड़क निर्माण, मार्गों का विकास, लाइट और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभासदों ने कुछ मुद्दों पर अपनी बात रखी थी, लेकिन बैठक में कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। सभी 111 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।

