नई दिल्ली। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ रही है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता भी लगातार खराब होती जा रही है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 350 के पार पहुंच गया है। ठंड और जहरीली हवा की दोहरी मार से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 350 के पार
दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान में गिरावट के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण धरती के नजदीक जमा हो रहे हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पूसा में सबसे अधिक 368 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरीफोर्ट में 363, जहांगीरपुरी में 359 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 350 एक्यूआई रहा। चांदनी चौक और सीआरआरआई मथुरा रोड में 347, डीटीयू में 344 तथा बुराड़ी क्रॉसिंग और छावला में 320-320 एक्यूआई दर्ज किया गया।
कई अन्य इलाके भी बहुत खराब श्रेणी में
राजधानी के दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा बना हुआ है। पंजाबी बाग में 317, शादीपुर में 302, बुराड़ी में 298, रोहिणी में 295 और आरके पुरम में 276 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं करन सिंह शूटिंग रेंज में 264, पटपड़गंज में 255, ओखला फेज-2 में 254 और कैंटोनमेंट एरिया में 193 एक्यूआई रहा।
एक्यूआई के ऊंचे स्तर के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से पहले से सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे लोगों के लिए प्रदूषित हवा चिंता का कारण बनी हुई है।
आने वाले दिनों में बढ़ सकती है परेशानी
दिल्ली के मुकाबले नोएडा और गाजियाबाद के कुछ इलाकों में फिलहाल अपेक्षाकृत राहत की स्थिति बताई जा रही है। हालांकि, तापमान में और गिरावट होने पर इन शहरों में भी प्रदूषण बढ़ने की आशंका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार धीमी रहती है और तापमान में और गिरावट आती है, तो दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में ठंड के साथ खराब वायु गुणवत्ता लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी रह सकती है।

