लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक संपदा जनसमृद्धि का आधार बने और हरियाली के साथ प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली आए, यही सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से विकास के नए रास्ते खोल रही है। इसी दिशा में गोरखपुर की पावन धरती पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित होगा।
792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने वाली 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश की प्राकृतिक संपदा को आर्थिक समृद्धि से जोड़ना और हरियाली के माध्यम से आम परिवारों के जीवन में खुशहाली लाना है।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वन संपदा और औद्यानिकी की अपार संभावनाएं होने के बावजूद इन क्षेत्रों को किसानों की आय, युवाओं के रोजगार और प्रदेश के विकास से जोड़ने के लिए न स्पष्ट नीति थी और न दूरदृष्टि।
उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है। सरकार प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ शिक्षा और शोध को बढ़ावा देकर प्रदेश की संभावनाओं को आगे बढ़ा रही है।
गोरखपुर के खाते में जुड़ेगा पांचवां विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर पिछले कुछ वर्षों में उच्च शिक्षा और शोध के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। जिले में पहले से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं।
वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद गोरखपुर के खाते में पांचवां विश्वविद्यालय जुड़ जाएगा। इनमें आयुष विश्वविद्यालय और प्रस्तावित वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अपने विशिष्ट पाठ्यक्रमों और कार्यक्षेत्र के कारण अलग पहचान रखते हैं।
पर्यावरण संरक्षण और शोध को मिलेगा बढ़ावा
वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना से वन संपदा, बागवानी, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही गोरखपुर को उच्च शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ेगा। विश्वविद्यालय के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके बेहतर उपयोग को किसानों की समृद्धि तथा युवाओं के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

