जामनगर/गुवाहाटी। जिस उम्र में नन्हे हाथी को अपनी मां के साथ खेलना, दौड़ना और जंगल में मस्ती करनी चाहिए थी, उस उम्र में सात सप्ताह का मासूम हाथी ‘राजा’ जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जन्म के पहले ही दिन एक हादसे में उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद से उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई है। संक्रमण और शारीरिक कमजोरी ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब इस नन्ही जान को बचाने के लिए अनंत अंबानी ने विशेष विमान भेजने की पहल की है। राजा को असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसका उपचार करेगी।
असम में 2 अक्टूबर को जन्मे राजा की जिंदगी की शुरुआत ही दर्दनाक हादसे के साथ हुई। बताया गया कि जन्म के पहले ही दिन मां की घबराहट में लगी एक लात से उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई। चोट इतनी गंभीर थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा है। दुर्भाग्यवश उसे मां का दूध भी नसीब नहीं हुआ। पिछले सात सप्ताह से उसकी देखभाल और उपचार की कोशिशें जारी हैं, लेकिन उसकी हालत को देखते हुए अब बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत महसूस की गई।
2500 किलोमीटर का सफर सड़क से तय करना था जोखिम भरा
राजा को असम से गुजरात के जामनगर तक पहुंचाने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की गई है। दोनों स्थानों के बीच करीब 2500 किलोमीटर से अधिक की दूरी है। सड़क मार्ग से इतनी लंबी यात्रा करना घायल और कमजोर हाथी के लिए बेहद जोखिम भरा हो सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए करीब चार घंटे की हवाई यात्रा का इंतजाम किया गया है।
विमान में राजा की शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। उसके आराम के लिए खास बिस्तर तैयार किया गया है, जबकि घायल पैर को सहारा देने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए डॉक्टरों और देखभाल करने वालों की विशेष टीम उसके साथ रहेगी।
वनतारा के विशेष अस्पताल में होगा इलाज
जामनगर पहुंचने के बाद राजा को वनतारा के विशेष अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। यहां विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका गहन उपचार किया जाएगा। डॉक्टरों की टीम उसके टूटे पैर, संक्रमण और शारीरिक कमजोरी का आकलन कर आगे की उपचार योजना तैयार करेगी।
राजा की उम्र बेहद कम होने और चोट के गंभीर होने के कारण उसके उपचार में विशेष सावधानी बरती जा रही है। डॉक्टरों की कोशिश है कि संक्रमण पर नियंत्रण पाया जाए, चोट को ठीक किया जाए और धीरे-धीरे उसकी शारीरिक स्थिति में सुधार लाया जाए, ताकि वह फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके।
अनंत अंबानी की पहल पर हो रही विशेष व्यवस्था
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने बताया कि राजा पिछले सात सप्ताह से गंभीर चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है। अनंत अंबानी के सहयोग से उसे जल्द से जल्द वनतारा लाया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसकी देखभाल और उपचार करेगी।
उन्होंने कहा कि राजा की स्थिति को देखते हुए उसके सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान उसकी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। वनतारा की पूरी टीम की कोशिश है कि राजा स्वस्थ हो और एक बार फिर अपने पैरों पर चल सके।
सात सप्ताह से दर्द और परेशानियों का सामना कर रहे नन्हे हाथी राजा के लिए यह हवाई सफर नई उम्मीद लेकर आया है। अब सभी की निगाहें उसके उपचार और स्वास्थ्य में होने वाले सुधार पर टिकी हैं।

