मुजफ्फरनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और राहत एवं बचाव व्यवस्था को परखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 22 नवंबर को जनपद में दूसरी मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसके तहत शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित स्थानों पर दो मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेने, आग बुझाने, मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास कराया जाएगा। मॉकड्रिल का आयोजन पुलिस लाइन परिसर मुजफ्फरनगर में होगा।
मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा गंभीर सिंह ने अभ्यास की रूपरेखा और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। प्रत्येक विभाग को अपनी निर्धारित जिम्मेदारी के अनुसार पूरी तत्परता से कार्य करना होगा।
इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा सेवकों के साथ अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें शामिल होंगी। सभी विभागों को आपातकालीन स्थिति में एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य संचालित करने का अभ्यास कराया जाएगा।
शाम छह बजे बजेगा सायरन, दो मिनट का होगा ब्लैकआउट
अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल की शुरुआत शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन से होगी। इसके लिए दो मिनट तक ऊंची और नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों और स्थलों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैकआउट कराया जाएगा।
इस दौरान नागरिकों को हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और शेल्टरों में शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि चेतावनी मिलने पर घबराने के बजाय किस तरह सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना चाहिए।
ऑल क्लियर सायरन के बाद शुरू होंगे राहत एवं बचाव कार्य
मॉकड्रिल के अगले चरण में खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास शुरू होगा। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, बड़ी आग लगने की स्थिति में अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर वाहन के माध्यम से आग पर काबू पाने का अभ्यास करेगी।
इस दौरान दमकल कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से मौके पर पहुंचने, आग की स्थिति का आकलन करने और उपलब्ध संसाधनों के जरिए बचाव कार्य संचालित करने का अभ्यास कराया जाएगा।
मलबे में फंसे लोगों को निकालेंगे, घायलों को मिलेगा प्राथमिक उपचार
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले से भवनों को नुकसान पहुंचने और लोगों के मलबे में दबने जैसी काल्पनिक परिस्थितियां तैयार की जाएंगी। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और संबंधित टीमें क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई का अभ्यास करेंगी।
घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने की व्यवस्था भी की जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का पूर्वाभ्यास होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की तैयारियों को परखेंगी।
कई विभागों की जिम्मेदारी होगी तय
प्रशासन की ओर से मॉकड्रिल के दौरान प्रत्येक विभाग की भूमिका निर्धारित की गई है। पुलिस विभाग सुरक्षा और कानून व्यवस्था संभालेगा, जबकि अग्निशमन विभाग आग पर काबू पाने तथा दमकल सेवाओं का संचालन करेगा। स्वास्थ्य विभाग घायलों के उपचार और एंबुलेंस व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाएगा। विद्युत विभाग ब्लैकआउट से संबंधित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। वहीं नागरिक सुरक्षा सेवक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत कार्यों में सहयोग करेंगे।
मॉकड्रिल के अंतिम चरण में अभ्यास समाप्त होने की घोषणा की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की आपातकालीन तैयारियों को परखना, संसाधनों की उपलब्धता का आकलन करना और संकट की स्थिति में बेहतर तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने की क्षमता विकसित करना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
तैयारी बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता सागरमल, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, खंड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, अरविंद त्यागी, जल निगम के जेई शमीम अहमद, बेसिक शिक्षा विभाग से बीएसए प्रतिनिधि अमरेश, नगरपालिका के एई नेपाल सिंह, डीपीओ सुशील कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह, पीडब्ल्यूडी के एई डीके तोमर, एडीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार, डीएसओ प्रतिनिधि विकास सिंह, सीएफओ अनुराग कुमार, नागरिक सुरक्षा सहायक नासिर हुसैन और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

